Home / News / अलीम अंसारी बने ऑल इंडिया मोमिन कांफ्रेंस के जिला अध्यक्ष, भैंसराव बैठक में हुआ जोरदार स्वागत

अलीम अंसारी बने ऑल इंडिया मोमिन कांफ्रेंस के जिला अध्यक्ष, भैंसराव बैठक में हुआ जोरदार स्वागत

छुटमलपुरसहारनपुर विकास खंड मुजफ्फराबाद की ग्राम पंचायत भैंसराव में आयोजित ऑल इंडिया मोमिन कांफ्रेंस की महत्वपूर्ण बैठक में संगठन को नई दिशा देते हुए अलीम अंसारी को जिला अध्यक्ष (सहारनपुर) की जिम्मेदारी सौंपी गई। नियुक्ति की घोषणा होते ही बैठक स्थल तालियों की गड़गड़ाहट और “अंसारी समाज एकता जिंदाबाद” के नारों से गूंज उठा।
बैठक में संगठन पदाधिकारियों ने अलीम अंसारी को नियुक्ति पत्र सौंपकर फूल मालाओं से उनका स्वागत किया। इस अवसर पर नवनियुक्त जिला अध्यक्ष अलीम अंसारी ने कहा कि समाज ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उसे पूरी निष्ठा, तन-मन-धन से निभाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि समाज में फैल रही बुराइयों को जड़ से समाप्त करने और संगठन को मजबूत बनाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जाएगा।
प्रदेश सचिव जुमेश्द अली प्रधान ने अपने संबोधन में कहा कि ऑल इंडिया मोमिन कांफ्रेंस लगातार अंसारी समाज को संगठित करने के प्रयास में जुटी है। उन्होंने कहा कि अन्य समाजों को उनकी संख्या के आधार पर राजनीतिक प्रतिनिधित्व मिला है, लेकिन बड़ी संख्या में होने के बावजूद अंसारी समाज को अभी तक अपेक्षित राजनीतिक भागीदारी नहीं मिल सकी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि संगठनात्मक मजबूती से समाज को उचित पहचान और हिस्सेदारी मिलेगी।
प्रदेश महासचिव बरकत अंसारी ने बिरादरी के लोगों से एकजुट होकर कार्य करने की अपील की। उन्होंने सामाजिक कुरीतियों पर प्रहार करते हुए कहा कि शादियों में फिजूलखर्ची से बचें और दहेज प्रथा जैसी बुराइयों को समाप्त करने का संकल्प लें। एडवोकेट साजिद ने कहा कि आज के दौर में लोग निजी कार्यों में व्यस्त हैं, ऐसे में समाज को आगे बढ़ाने के लिए जिम्मेदार लोगों को आगे आना होगा और पिछड़े वर्गों को साथ लेकर चलना होगा।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. नफीस अंसारी ने किया। बैठक में सलीम अंसारी, नसीम अहमद अंसारी, एहसान अंसारी, आजाद अंसारी, शहजाद अंसारी, हाजी अब्दुल कादिर अंसारी, शकील अंसारी, अब्दुल शमी अंसारी, शोएब अंसारी, जुबैर अंसारी, बाबर अंसारी, मोजम अली अंसारी, कासिम अंसारी, अब्दुल सलीम अंसारी, वाजिद अंसारी,प्रधान फैजान, अंसारी सहित सैकड़ों की संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।
अंत में नवनियुक्त जिला अध्यक्ष ने राष्ट्रीय अध्यक्ष फिरोज अंसारी, उत्तर प्रदेश अध्यक्ष हसन आरिफ अंसारी, राष्ट्रीय कोर कमेटी और प्रदेश टीम का आभार व्यक्त करते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प दोहराया।इस मौके पर सैकड़ो लोग मौजूद रहे

रिपोर्ट फुरकान मलिक

Tagged:
[post-views]
Share
Now