Home / News / गौशालाओं में हरे चारे और बारिश से बचाव की हो पूरी व्यवस्था : धर्मपाल सिंह

गौशालाओं में हरे चारे और बारिश से बचाव की हो पूरी व्यवस्था : धर्मपाल सिंह

7,500 गौशालाओं में 13 लाख गोवंश के संरक्षण का दावा, रोजाना करीब आठ करोड़ रुपये खर्च

बरेली। पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को विकास भवन में पशुधन विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश और बरेली मंडल में गौशालाओं की व्यवस्थाओं, गोवंश के संरक्षण, चारे की उपलब्धता, टीकाकरण अभियान और गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने समेत विभिन्न विषयों की समीक्षा की गई। बैठक के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बरसात के मौसम में गौशालाओं में संरक्षित गोवंश को किसी तरह की परेशानी न हो और उनके लिए पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।

धर्मपाल सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार की प्राथमिकता है कि कोई भी गोवंश भूखा न रहे, खुले में न घूमे और किसानों के खेतों तथा सड़कों पर दिखाई न दे। इसके लिए प्रदेशभर में गौशालाओं को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में करीब 7,500 गौशालाओं में लगभग 13 लाख गोवंश के संरक्षण की व्यवस्था सरकार कर रही है। इनके भरण-पोषण पर प्रतिदिन करीब आठ करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

बारिश में गोवंश के बचाव पर जोर

मंत्री ने बरेली मंडल की सभी गौशालाओं में बारिश के दौरान विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गौशालाओं में जलभराव, कीचड़ और बारिश से बचाव के पर्याप्त इंतजाम होने चाहिए। साथ ही गोवंश के लिए हरे चारे की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गोचर भूमि को कब्जामुक्त कराया जाए और वहां हरा चारा बोने की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में गौशालाओं में चारे की समस्या न हो।

धर्मपाल सिंह ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल गोवंश को गौशालाओं में संरक्षित करना ही नहीं, बल्कि इन व्यवस्थाओं को धीरे-धीरे आत्मनिर्भर बनाना भी है। कई गौशालाएं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। गाय के दूध के साथ गोबर से भी उपयोगी उत्पाद तैयार कर आय बढ़ाने पर काम किया जा रहा है।

बीमारियों से बचाव के लिए टीकाकरण

पशुधन मंत्री ने पशुओं को संचारी रोगों से बचाने के लिए चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फिलहाल मुंहपका-खुरपका रोग से बचाव के लिए टीकाकरण अभियान चल रहा है। इसके अलावा लंपी स्किन डिजीज जैसी गंभीर बीमारी की रोकथाम के लिए भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि विभाग के पास पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन उपलब्ध है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सहारनपुर से शुरू किए गए अभियान के माध्यम से बीमारी की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाए गए हैं। वहीं पूर्वांचल में आजमगढ़ समेत अन्य जिलों में भी बीमारी से बचाव के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

छात्र हित सरकार की प्राथमिकता

प्रेस वार्ता के दौरान मंत्री धर्मपाल सिंह ने छात्र हित से जुड़े मुद्दों पर भी सरकार का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार में छात्र-छात्राओं का हित प्राथमिकता में है। छात्र देश का भविष्य हैं और उनके हितों की अनदेखी नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि कानून अपना काम करेगा और जो भी गलती करेगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

2027 में भाजपा सरकार बनने का दावा

आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर धर्मपाल सिंह ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश में अपनी राजनीतिक जमीन तलाशती नजर आ रही है। मंत्री ने दावा किया कि जिन राजनीतिक दलों ने जाति और बिरादरी की राजनीति को आधार बनाया, उनका जनाधार लगातार कमजोर हुआ है।

समाजवादी पार्टी के पीडीए यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक फार्मूले पर भी उन्होंने टिप्पणी की। धर्मपाल सिंह ने कहा कि इस तरह की राजनीति से समाजवादी पार्टी को राजनीतिक लाभ नहीं मिलने वाला है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 में भारतीय जनता पार्टी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रचंड बहुमत के साथ प्रदेश में सरकार बनाएगी।

मंत्री ने कहा कि भाजपा की नीति “न्याय सबको, तुष्टिकरण किसी का नहीं” है। उन्होंने कहा कि सरकार में कानून सभी के लिए समान है और जो भी गलती करेगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने राजनीतिक दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि “जिसने जाति की राजनीति की, वो पार्टी खत्म हो गई, हो जाएंगी।”

बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि गौशालाओं में संरक्षित गोवंश की सुरक्षा, चारा, पानी, चिकित्सा और बारिश से बचाव समेत सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now