मुंबई।
भारतीय सिनेमा जगत के प्रसिद्ध अभिनेता और हास्य कलाकार असरानी का 84 वर्ष की आयु में सोमवार को निधन हो गया। वे पिछले पांच दिनों से मुंबई के एक निजी अस्पताल में भर्ती थे, जहां उनका इलाज चल रहा था।
असरानी ने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में अपने शानदार अभिनय और हास्य शैली से दशकों तक दर्शकों के दिलों पर राज किया। 1970 और 1980 के दशक में वे लगभग हर दूसरी लोकप्रिय फिल्म का अहम हिस्सा रहे। ‘शोले’ में जेलर की भूमिका, ‘चुपके चुपके’, ‘अभिमान’, ‘अमदानी अठन्नी खर्चा रुपैया’, ‘हर दिल जो प्यार करेगा’ और सैकड़ों अन्य फिल्मों में उन्होंने अपने बेहतरीन अभिनय से लोगों को खूब हँसाया।
परिवार के सूत्रों के अनुसार, वे पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे और लगातार डॉक्टरों की निगरानी में थे। सोमवार दोपहर उनकी तबीयत अचानक बिगड़ी, जिसके बाद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। कई दिग्गज कलाकारों और प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर असरानी को श्रद्धांजलि दी।
असरानी ने अपने करियर में 350 से अधिक फिल्मों में काम किया और कई पीढ़ियों के कलाकारों के लिए प्रेरणा बने।






