लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा
समस्तीपुर। सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान के तहत बुधवार को कल्याणपुर प्रखंड में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ समाज कल्याण विभाग, बिहार सरकार की मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस दौरान मंत्री ने आईसीडीएस की विभिन्न सेवाओं और गतिविधियों से संबंधित स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने पोषण, टीकाकरण, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के पोषाहार, बच्चों के स्वास्थ्य एवं देखभाल से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। संबंधित अधिकारियों और कर्मियों से योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की भी जानकारी प्राप्त की।
मंत्री ने कहा कि बच्चों के स्वस्थ भविष्य की नींव उनके प्रारंभिक जीवन में ही रखी जाती है। इसलिए बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और टीकाकरण के साथ गर्भवती एवं धात्री माताओं के समुचित पोषण पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल पोषण वितरण का केंद्र नहीं, बल्कि बाल विकास, मातृ स्वास्थ्य और जन-जागरूकता का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
चिकित्सक के रूप में अपने अनुभव साझा करते हुए मंत्री ने संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने सेविका-सहायिकाओं से महिलाओं और अभिभावकों को पोषण, स्वच्छता, टीकाकरण तथा बच्चों की देखभाल के प्रति लगातार जागरूक करने का निर्देश दिया।
मंत्री ने आईसीडीएस की सेवाओं के प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ हर पात्र परिवार तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी सेविकाओं एवं सहायिकाओं को सम्मानित भी किया गया। मंत्री ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सेविका-सहायिकाएं सरकारी कल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम पायदान तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
इस दौरान मंत्री ने लाभुकों से सीधा संवाद कर आईसीडीएस की सेवाओं से मिल रहे लाभ की जानकारी ली और उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
कार्यक्रम स्थल पर मौजूद बच्चों के प्रति मंत्री का आत्मीय भाव भी देखने को मिला। उन्होंने बच्चों को दुलार-प्यार किया और उपहार देकर उनका उत्साहवर्धन किया। इससे बच्चों और अभिभावकों में उत्साह का माहौल रहा।
कार्यक्रम में अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी आईसीडीएस सुनीता, सहायक निदेशक दिव्यांगजन सोनाली, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रजनीश कुमार राय, संबंधित बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, आईसीडीएस कर्मी, सेविका-सहायिका एवं बड़ी संख्या में लाभुक उपस्थित रहे।











