अशोक कुमार श्रीवास की रिपोर्ट
करतला//सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग में 30 सितंबर को करतला विकासखंड के ग्राम रामपुर स्थित पुष्पांजलि चौक आँगनबाड़ी केंद्र में आँगन मिलन सेवा सम्मेलन का आयोजन किया गया। परियोजना अधिकारी श्रीमती रागिनी प्रधान के मार्गदर्शन में कार्यक्रम में आँगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, पंचायत प्रतिनिधियों, हितग्राहियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में महिला एवं बाल स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम पंचायत रामपुर की सरपंच श्रीमती सुलोचना विजय राठिया, उपसरपंच राजेश अग्रवाल, गौ सेवक जिला अध्यक्ष विनय सिंह राठिया एवं ग्राम पंचायत के पंचगण द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात मितानिन पुष्पा श्रीवास एवं आँगनबाड़ी कार्यकर्ता करुणा चौहान द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई। अतिथियों के स्वागत के बाद कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया।
इस अवसर पर सेक्टर सुपरवाइजर श्रीमती कौशिल्या बरेठ ने आँगन मिलन सेवा कार्यक्रम के उद्देश्य और उसकी उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने आँगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से गर्भवती महिलाओं, शिशुओं एवं छोटे बच्चों को मिलने वाली विभिन्न सेवाओं तथा पोषण संबंधी गतिविधियों की जानकारी उपस्थित लोगों को दी।
कार्यक्रम में मदन लाल श्रीवास द्वारा पोषण एवं स्वास्थ्य के संदर्भ में “घर-घर मुनगा, हर घर मुनगा” अभियान के महत्व पर प्रकाश डाला गया। उन्होंने मुनगा के पत्तों एवं अन्य हिस्सों से मिलने वाले पोषक तत्वों, विशेषकर आयरन एवं अन्य आवश्यक पोषण तत्वों के बारे में जानकारी देते हुए इसे परिवार के दैनिक आहार में शामिल करने के लिए ग्रामीणों को प्रेरित किया।
आँगन मिलन कार्यक्रम के दौरान गर्भवती माताओं की गोदभराई एवं शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। इस दौरान माताओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और देखभाल से संबंधित आवश्यक जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आँगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं स्वास्थ्य विभाग की मितानिनों को उत्कृष्ट कार्य के लिए डायरी एवं पेन प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत उपसरपंच राजेश अग्रवाल द्वारा आँगनबाड़ी कार्यकर्ता किरण चौहान के बच्चों को बड़े आकार के हाथी-घोड़ा खिलौने प्रदान किए गए। इस पहल से बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित स्वस्थ बच्चे प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले रियांश चौहान एवं सयम पटेल को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित बच्चों एवं अभिभावकों को बच्चों के समुचित शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए संतुलित पोषण तथा नियमित स्वास्थ्य देखभाल के महत्व की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में स्रोत एनजीओ से जुड़े शेषनारायण साहू ने आँगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से हितग्राहियों को उपलब्ध कराई जाने वाली विभिन्न सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों से आँगनबाड़ी केंद्र की गतिविधियों से जुड़कर शासन की योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया।
आँगन मिलन सेवा सम्मेलन में आँगनबाड़ी केंद्र में तैयार किए गए विभिन्न प्रकार के पोषण व्यंजन, पोषण चार्ट तथा हरी साग-सब्जियों का प्रदर्शन भी किया गया। मुख्य अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा पोषण से संबंधित व्यंजनों की जानकारी ली। इसके पश्चात सभी ने नेवता भोजन में सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणों को महिला एवं बाल विकास तथा स्वास्थ्य विभाग से संबंधित योजनाओं, सेवाओं और सुविधाओं की जानकारी दी गई। आँगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से गर्भवती माताओं, धात्री माताओं एवं बच्चों को मिलने वाली सेवाओं का लाभ उठाने के लिए लोगों को जागरूक किया गया।
इस अवसर पर आँगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, मितानिन, स्वास्थ्य कार्यकर्ता, सरपंच, उपसरपंच, पंचगण, आँगनबाड़ी केंद्र के हितग्राही तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन से ग्रामीणों में पोषण, स्वास्थ्य एवं बाल विकास से संबंधित जागरूकता बढ़ाने का संदेश गया।












