बरेली। बहेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम उलैता पुर निवासी एक महिला मीना कुमारी पत्नी गनपत ने मंगलवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्यालय के बाहर डीजल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और महिला पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महिला को समय रहते रोक लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
बताया जा रहा है कि महिला का अपने बेटे से होली के आसपास डीजे बजाने को लेकर किसी बात पर विवाद हुआ था। इस संबंध में उसने बहेड़ी थाने में शिकायत दी थी, जिस पर पुलिस ने एनसीआर दर्ज की थी। आरोप है कि इसके बाद भी मामले में कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। कार्रवाई की मांग को लेकर महिला कई बार थाने के चक्कर लगाती रही और बाद में बरेली के वरिष्ठ अधिकारियों से भी न्याय की गुहार लगाई, लेकिन संतोषजनक कार्रवाई न होने से वह मानसिक रूप से परेशान थी।
मंगलवार दोपहर करीब एक बजे महिला आधा लीटर की बोतल में डीजल लेकर SSP कार्यालय पहुंची और एसएसपी गेट के बाहर खुद पर डीजल छिड़ककर आग लगाने का प्रयास किया। वहां मौजूद एक राहगीर और पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे रोक लिया और सुरक्षित हिरासत में ले लिया।
इसके बाद महिला थाना पुलिस उसे अपने साथ ले गई। पुलिस ने महिला से पूरे मामले की जानकारी ली तथा प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।






