लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा
समस्तीपुर । विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित लोगों को एक और मौका देने के लिए समस्तीपुर जिले में 16 और 17 अक्टूबर को विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसको लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने शनिवार को सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों के साथ बैठक कर भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने का आदेश दिया।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद प्रकाशित मतदाता सूची में जिन पात्र मतदाताओं का नाम शामिल नहीं है और सतत अद्यतीकरण के दौरान भी उनका पंजीकरण नहीं हो पाया है, उनसे प्रपत्र-6 प्राप्त कर नाम जोड़ने की कार्रवाई की जाए। आवेदन प्राप्त होने के बाद संबंधित सूची तैयार कर बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) के माध्यम से बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) को प्राप्ति के साथ उपलब्ध कराने और इसकी पंजी में प्रविष्टि करने का निर्देश दिया गया।
छूटे हुए मतदाताओं की पहचान के लिए विशेष सावधानी बरतने पर भी जोर दिया गया। मतदान केंद्रों के युक्तिकरण के कारण बूथों की संख्या और पहचान में बदलाव को देखते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान तैयार एएसडी सूची का बीएलओ से सत्यापन कराने तथा उसके आधार पर पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने की कार्रवाई करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि 16 और 17 अक्टूबर को सभी विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जाएं। शिविरों में पर्याप्त संख्या में प्रपत्र-6, 7 और 8 के साथ आवश्यक पंजी उपलब्ध रखने तथा प्रमुख गतिविधियों की वीडियोग्राफी कराने का भी निर्देश दिया गया। शिविर में प्रपत्र-6 भरने वाले आवेदकों और वर्तमान मतदाता सूची में शामिल मतदाताओं से संबंधित प्रमाणिक जानकारी एवं तस्वीरों के साथ टेस्टिमोनियल तैयार कर जिला निर्वाचन कार्यालय और जिला जनसंपर्क कार्यालय को भेजने को कहा गया, ताकि इसे मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, बिहार के कार्यालय को उपलब्ध कराया जा सके।
बीएलओ पर्यवेक्षकों को प्रतिदिन बीएलओ के कार्यों की निगरानी करने और उनके द्वारा संधारित पंजी का निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया। वहीं, शिविर के दौरान निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को मतदान केंद्रों का भ्रमण कर कार्यों का निरीक्षण एवं अनुश्रवण करने को कहा गया।
बैठक में सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, समस्तीपुर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।







