दिल्ली NCR की हवा फिर से खतरनाक स्तर पर पहुंच गई है। जहरीली हवा और वायरल इंफेक्शन के कॉम्बो अटैक ने लोगों की सेहत बिगाड़ दी है। LocalCircles के सर्वे के मुताबिक, अब राजधानी के 75% घरों में कम से कम एक व्यक्ति बीमार है। डॉक्टरों का कहना है कि इस वक्त H3N2 इंफ्लुएंजा और दूसरे वायरल इंफेक्शन तेजी से फैल रहे हैं। बुखार, खांसी, गले में दर्द, सिरदर्द और थकान जैसे लक्षण आम हैं। कई मरीजों को ठीक होने में 10 दिन या उससे ज्यादा समय लग रहा है।
सर्वे में सामने आया कि 17% घरों में चार से ज्यादा लोग बीमार हैं, जबकि सिर्फ 25% घर पूरी तरह स्वस्थ हैं। यानी हर चार में से तीन घरों में बीमारी फैल चुकी है। त्योहारों के बाद हवा में धुआं और धूल बढ़ने से हालात और खराब हो गए हैं। दिल्ली का AQI 400 से 500 के बीच है और PM 2.5 का स्तर 350 µg/m³ तक पहुंच गया है, जो WHO की सीमा से दस गुना अधिक है।
विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि अगर तुरंत सख्त कदम नहीं उठाए गए तो हालात और बिगड़ सकते हैं। सरकार और लोगों दोनों को मिलकर सावधानी बरतने की जरूरत है — जैसे कि मास्क पहनना, एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल करना और भीड़ से बचना।
।
रिपोर्ट: ज्योति नौटियाल






