मेरठ में कमिश्नरी चौराहा स्थित चौधरी चरण सिंह पार्क में त्यागी समाज के धरने में गालीबाज श्रीकांत त्यागी की प्रशंसा करते हुए गीत बजाए जा रहे हैं। इन गीत को सोशल मीडिया में खूब वायरल किया जा रहा है। हालांकि धरने में शामिल आप और किसान नेता कुलदीप त्यागी का कहना है कि धरना अन्नू त्यागी के न्याय के लिए चलाया जा रहा है।
चौधरी चरण सिंह पार्क में त्यागी समाज के लोग अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं। धरने का नेतृत्व कुलदीप त्यागी और मांगेराम त्यागी कर रहे हैं। धरना लगातार चल रहा है। धरने में सोमवार को श्रीकांत त्यागी के समर्थन में गीत बजाए गए। इसे बाद में सोशल मीडिया और गांवों में खूब बजाया जा रहा है। लाउडस्पीकर पर बज रहे गीत में श्रीकांत त्यागी और उसके कामों की तारीफ की जा रही।
गीत को पश्चिम यूपी की भाषा में बजाया जा रहा है। गीत में कहा जा रहा है कि श्रीकांत त्यागी सबकी गेल रहे ऐसा भाई हमारा है, चौगरने में घूम लियो त्यागी का रुतबा न्यारा है…। दूसरे गीत में भाई श्रीकांत त्यागी का रुतबा सरेआम सुना होगा, मजबूरों की गेल खड़ा नेकी का नाम सुना होगा। बजाया जा रहा है।
मैं तो श्रीकांत त्यागी का नाम भी नहीं ले रहा
किसान नेता कुलदीप त्यागी का कहना है कि त्यागी समाज बेटी अन्नू त्यागी के न्याय की लड़ाई लड़ रहा है। मैं या मेरे साथी तो श्रीकांत त्यागी का नाम भी नहीं ले रहे। यह कोई षडयंत्र हो रहा है
धरने में गीत नहीं भजन बजते हैं
त्यागी समाज के नेता मांगेराम त्यागी ने कहा कि त्यागी समाज के धरने में किसी के समर्थन में कोई गीत नहीं बज रहा। शाम को भजन बजता है। किसी ने त्यागी समाज को बदनाम करने के लिए यह षडयंत्र किया है। यह बेटी अन्नू त्यागी के समर्थन में धरना है।