Home / News / शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सेन्द्रीपाली में गरिमामय ढंग से मनाया गया संविधान दिवस

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सेन्द्रीपाली में गरिमामय ढंग से मनाया गया संविधान दिवस

अशोक कुमार श्रीवास की रिपोर्ट

विद्यार्थियों ने चित्रकला एवं रंगोली के माध्यम से संविधान के प्रति व्यक्त की अपनी अभिव्यक्ति
सेन्द्रीपाली//शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सेन्द्रीपाली में 26 नवम्बर को शाला प्रबंधन विकास समिति के अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र साहू के मुख्य आतिथ्य में संविधान दिवस गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय संविधान के महान शिल्पकार एवं भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के तैलचित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय के व्याख्याताओं ने भारतीय संविधान के निर्माण में संविधान सभा के महान सदस्यों के योगदान, उनके अथक परिश्रम, दूरदर्शिता एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि विविध धर्मों, भाषाओं, जातियों एवं सांस्कृतिक परंपराओं वाले भारत को एकता के सूत्र में बांधकर रखने की शक्ति हमारे संविधान में निहित है। भारतीय संविधान केवल कानूनों का संग्रह नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, समानता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों का आधार है।

विद्यालय के व्याख्याता श्री साधराम श्रीवास ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को संविधान द्वारा प्रदत्त मौलिक अधिकारों का जागरूकतापूर्वक उपयोग करना चाहिए तथा अपने मौलिक कर्तव्यों का भी पूरी निष्ठा से पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि “संविधान हमें अधिकार देकर सशक्त बनाता है, तो हमारे कर्तव्य हमें जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा प्रदान करते हैं। अधिकारों और कर्तव्यों के बीच संतुलन ही एक आदर्श समाज एवं सशक्त राष्ट्र का निर्माण करता है।”

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं शाला प्रबंधन विकास समिति के अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र साहू ने संविधान की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि वे अपने जीवन की सफलता के लिए स्वयं भी कुछ आदर्श नियम एवं संकल्प निर्धारित करें तथा उनका ईमानदारी से पालन करें। उन्होंने कहा कि जीवन में अनुशासन, समयबद्धता एवं सकारात्मक सोच सफलता की मजबूत नींव हैं।

विद्यालय के प्राचार्य श्री जे. आर. अजगल्ले ने अपने उद्बोधन में कहा कि हमारा देश एक संविधान एवं एक विधान के अनुरूप संचालित होता है। इसी प्रकार प्रत्येक विद्यालय भी अपने निर्धारित नियमों एवं अनुशासन के आधार पर संचालित होता है। विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों द्वारा नियमों का पालन किए जाने का ही परिणाम है कि संस्था ने अनुशासन एवं शैक्षणिक गुणवत्ता के क्षेत्र में विशेष उपलब्धियां हासिल की हैं।

संविधान दिवस के अवसर पर विद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक चित्रकला एवं रंगोली प्रतियोगिता में भाग लेकर संविधान की भावना, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं राष्ट्रीय एकता को अपनी कलात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को विद्यालय की ओर से पारितोषिक प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावशाली संचालन विद्यालय के व्याख्याता श्री साधराम श्रीवास ने किया। संपूर्ण आयोजन में विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now