Home / Breaking News / यूपी में 2027 की नई सियासी बिसात! ओवैसी का नारा- दलित का बेटा CM, अब्दुल का बेटा डिप्टी CM…

यूपी में 2027 की नई सियासी बिसात! ओवैसी का नारा- दलित का बेटा CM, अब्दुल का बेटा डिप्टी CM…

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने संयुक्त महारैली कर अपनी ताकत दिखाई। सामाजिक परिवर्तन मोर्चे के गठन के बाद दोनों नेताओं की यह पहली बड़ी साझा रैली रही, जिसमें बड़ी संख्या में समर्थक जुटे।

रैली के दौरान दलित और मुस्लिम राजनीतिक एकजुटता का संदेश देने वाले नारे चर्चा में रहे। मंच और मैदान में लगाए गए पोस्टरों पर ‘दलित का बेटा मुख्यमंत्री और अब्दुल का बेटा उपमुख्यमंत्री बनेगा’ का नारा लिखा गया था। गठबंधन ने आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। साथ ही चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया गया है।

महारैली को संबोधित करते हुए असदुद्दीन ओवैसी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री बनाने के लिए गठबंधन पूरी ताकत लगाएगा। ओवैसी ने दावा किया कि रैली में उमड़ी भीड़ प्रदेश की राजनीति में बदलाव का संकेत दे रही है।

ओवैसी ने अपने संबोधन में मौजूदा राजनीतिक दलों पर मौकापरस्ती की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब ऐसी राजनीति का दौर खत्म होने वाला है। इस महारैली के जरिए सामाजिक परिवर्तन मोर्चे ने 2027 के चुनाव से पहले दलित और मुस्लिम मतदाताओं को एक राजनीतिक मंच पर लाने की कोशिश की है। अब देखना होगा कि यह गठबंधन आगामी चुनाव में प्रदेश की सियासत को कितना प्रभावित कर पाता है।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now