Home / News / सिराज पर इमरान मसूद के बयान से मचा बवाल, अब आई कपिल देव की प्रतिक्रिया

सिराज पर इमरान मसूद के बयान से मचा बवाल, अब आई कपिल देव की प्रतिक्रिया

भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच की प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिलने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। इस मामले में सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के बयान ने राजनीतिक बहस को हवा दे दी। मसूद ने सिराज के चयन पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया था कि अच्छे प्रदर्शन के बावजूद उनके नाम की वजह से उन्हें टीम में जगह नहीं दी गई। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों से लेकर क्रिकेट जगत तक प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं।

अब इस पूरे मामले पर भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। पत्रकारों से बातचीत के दौरान जब उनसे इमरान मसूद के आरोपों को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि टीम चयन के मामले में चयनकर्ताओं से सवाल किया जाना चाहिए। कपिल देव ने कहा, “चयनकर्ताओं से पूछिए, मैं कोई नहीं हूं। जिन लोगों के पास टीम चुनने की जिम्मेदारी है, उन्हें ही इस पर जवाब देना चाहिए। मुझे लगता है कि वे बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। हम हर किसी को खुश नहीं रख सकते।”

कपिल देव ने आगे कहा कि टीम चयन में व्यक्तिगत पसंद और नापसंद की कोई जगह नहीं होनी चाहिए। चयनकर्ता, मैनेजर और कप्तान मिलकर टीम का फैसला करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वह मोहम्मद सिराज को पसंद करते हैं, लेकिन भारतीय क्रिकेट का अच्छा प्रदर्शन सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है।

वहीं, इमरान मसूद ने 21 नवंबर को अपने बयान पर सफाई देते हुए कहा कि भारतीय क्रिकेट टीम में चयन प्रदर्शन के आधार पर होना चाहिए, न कि किसी खिलाड़ी की पृष्ठभूमि के आधार पर। उन्होंने मोहम्मद शमी और सरफराज खान का उदाहरण देते हुए अपनी बात रखी। दूसरी ओर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी धर्म के आधार पर भेदभाव के आरोपों को खारिज किया है।

फिलहाल मोहम्मद सिराज के चयन को लेकर शुरू हुई यह बहस राजनीतिक और खेल जगत में चर्चा का विषय बनी हुई है।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now