आपसी सुलह-समझौते से मिलेगा त्वरित न्याय, राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर तैयारियां तेज।
बांका में आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने की दिशा में न्यायिक प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। आम लोगों को सुलभ, त्वरित एवं निःशुल्क न्याय दिलाने के उद्देश्य से जिला एवं सत्र न्यायाधीश, बांका, सत्य भूषण आर्य की अध्यक्षता में जिला परिवहन पदाधिकारी, ट्रैफिक डीएसपी, मोटरयान निरीक्षक (MVI) के प्रतिनिधि एवं अन्य न्यायिक पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिक से अधिक सुलहनीय मामलों का निष्पादन कर आम नागरिकों को लोक अदालत का लाभ पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।
राष्ट्रीय लोक अदालत… जहां न लंबी कानूनी प्रक्रिया का बोझ, न वर्षों तक मुकदमों के फैसले का इंतजार। बल्कि आपसी सहमति और सुलह-समझौते के माध्यम से विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान!
इसी उद्देश्य को धरातल पर उतारने के लिए बांका में आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन को लेकर न्यायिक प्रशासन सक्रिय नजर आ रहा है।
आज जिला एवं सत्र न्यायाधीश, बांका की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में परिवहन विभाग, यातायात पुलिस एवं न्यायिक पदाधिकारियों के बीच महत्वपूर्ण चर्चा हुई।
बैठक में परिवहन एवं यातायात से जुड़े सुलहनीय मामलों की पहचान, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन, संबंधित पक्षकारों को नोटिस एवं सूचना उपलब्ध कराने तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष बल दिया गया।
जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि आपसी तालमेल के साथ कार्य करते हुए अधिक से अधिक मामलों को सुलह-समझौते के आधार पर निष्पादित कराने की दिशा में ठोस पहल करें।
आम नागरिकों के लिए जागरूकता संदेश:
राष्ट्रीय लोक अदालत उन लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है, जो अपने सुलहनीय मामलों का सरल, त्वरित और निःशुल्क समाधान चाहते हैं। इसलिए आम नागरिकों से अपील है कि वे अपने लंबित एवं सुलहनीय मामलों को लेकर राष्ट्रीय लोक अदालत में भाग लें और आपसी सहमति से विवादों का समाधान कराएं।
याद रखिए, मुकदमों का बोझ कम करना ही नहीं, बल्कि समाज में आपसी विश्वास, भाईचारा और सौहार्द कायम करना भी लोक अदालत का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार, बांका की यह पहल न्याय को आम आदमी तक पहुंचाने और न्यायिक प्रक्रिया को अधिक सरल एवं सुलभ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।
संदेश साफ है—न्याय के लिए लंबा इंतजार क्यों, जब आपसी सहमति से मिल सकता है समाधान। मनोरंजन प्रसाद, ब्यूरो चीफ, बांका।






