Home / Events / पंप कैनालों में मिली खामियां, विधायक ने अधिकारियों को दी दो दिन की मोहलत

पंप कैनालों में मिली खामियां, विधायक ने अधिकारियों को दी दो दिन की मोहलत

(दीपक यादव हमीरपुर)

(हमीरपुर)किसानों की सिंचाई समस्या को लेकर सदर विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति ने सख्त रुख अपनाते हुए सहुरापुर और सहजना पंप कैनालों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान नहरों में पानी की उपलब्धता और मोटरों की कार्यक्षमता परखी। खामियां मिलने पर विधायक ने संबंधित अधिकारियों को दो दिन का अल्टीमेटम देते हुए सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर टेल तक पानी पहुंचाने के कड़े निर्देश दिए।
सहुरापुर पंप कैनाल के निरीक्षण में पांच में से केवल चार मोटरें संचालित मिलीं। इस पर विधायक ने अधिशासी अभियंता शरद चौहान को पांचवीं मोटर तत्काल चालू कराने के निर्देश दिए। वहीं सेकंड स्टेज तक पानी नहीं पहुंचने और जगह-जगह कुलाबे क्षतिग्रस्त होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने दो दिन के भीतर मरम्मत कराकर सेकंड स्टेज से संचालित उजनेड़ी माइनर के अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने तथा भकौल और कुंडौरा माइनर में भी पर्याप्त पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा।
इसके बाद विधायक ने सहजना पंप कैनाल का निरीक्षण किया, जहां तीनों मोटरें पूरी क्षमता से संचालित मिलीं। हालांकि कलौलीतीर मौजा के किसानों की सिंचाई संबंधी शिकायतों पर उन्होंने अधिकारियों को दो दिन में समस्याओं का समाधान करने की हिदायत दी। विधायक ने स्पष्ट किया कि किसानों का पलेवा समय से होना चाहिए, अन्यथा फसलों पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
निरीक्षण के दौरान सहायक अभियंता सृष्टि चौहान, अवर अभियंता रामबाबू व प्रकाश पटेल, पौथिया प्रधान आशीष सचान, उजनेड़ी प्रधान संजय पाल, सहजना प्रधान विनोद निषाद सहित सैकड़ों किसान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now