संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के फुजैराह में एक भीषण सड़क हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 अन्य लोग घायल हो गए। हादसा शेख खलीफा बिन जायद रोड पर हुआ, जहां एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर कई वाहनों से टकरा गया। इस हादसे में भारतीय नागरिकों की भी मौत हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय पुलिस के मुताबिक, ट्रक चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद ट्रक पहले एक अन्य गाड़ी से टकराया और फिर धीमी गति से चल रहे यातायात में फंसे कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद ट्रक में आग लग गई, जिसकी लपटें आसपास के कुछ अन्य वाहनों तक भी फैल गईं। हादसे में कुल 18 कारें और पांच ट्रक शामिल बताए गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। अधिकारियों के अनुसार, 30 घायलों में से 15 को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि 15 अन्य का उपचार जारी है।
इस हादसे में भारतीय नागरिकों की मौत की पुष्टि दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने भी की है। दूतावास ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा है कि वह स्थानीय प्रशासन के संपर्क में है और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए काम कर रहा है।
फिलहाल फुजैराह पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। अधिकारियों ने लोगों से घटना को लेकर अपुष्ट जानकारी और अफवाहें साझा नहीं करने तथा केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।





