बरेली। जनगणना के अंतर्गत स्व-गणना को लेकर आमजन में जागरूकता बढ़ाने के लिए सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स एवं मीडिया प्रतिनिधियों से सहयोग की अपील की गई। उन्हें स्व-गणना की प्रक्रिया, इसके लाभ और आधिकारिक दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
बताया गया कि 16 नबम्बर से शुरू होने वाली स्व-गणना के लिए आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in निर्धारित किया गया है। इसके माध्यम से कोई भी व्यक्ति अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज कर सकता है। पूरी प्रक्रिया में लगभग 15 से 20 मिनट का समय लगता है। यह पोर्टल यूजर फ्रेंडली है और लोग अपनी सुविधानुसार किसी भी समय स्व-गणना कर सकते हैं।
स्व-गणना करने से नागरिकों का समय बचेगा और घर-घर पहुंचने वाले प्रगणकों को भी सही एवं सटीक जानकारी एकत्र करने में सुविधा होगी। जिन लोगों को ऑनलाइन जानकारी दर्ज करने में परेशानी हो, वे अपने परिवार का विवरण कागज पर लिखकर रख सकते हैं और प्रगणक के घर पहुंचने पर उन्हें उपलब्ध करा सकते हैं।
स्व-गणना पूरी होने के बाद मिलने वाली एसई आईडी को सुरक्षित रखना जरूरी है। घर पहुंचने वाले प्रगणक को यह आईडी उपलब्ध करानी होगी, ताकि स्व-गणना का सत्यापन किया जा सके। यदि प्रगणक को एसई आईडी उपलब्ध नहीं कराई जाती है, तो संबंधित परिवार की जानकारी एक दिसंबर से शुरू होने वाली घर-घर गणना के दौरान दर्ज की जाएगी।
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स एवं मीडिया प्रतिनिधियों से कहा गया कि वे निर्धारित प्रश्नों और आधिकारिक दिशा-निर्देशों के आधार पर ही प्रचार सामग्री तैयार करें। जनगणना से संबंधित किसी भी अपुष्ट, भ्रामक अथवा निराधार जानकारी का प्रचार न करें। सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अफवाहों एवं नकारात्मक खबरों की तथ्यात्मक जांच के बाद ही कोई जानकारी साझा करें।
किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना अथवा जनगणना संबंधी समस्या सामने आने पर जिला प्रशासन को अवगत कराने की अपील की गई। इसके लिए जिला स्तर पर 0581-2422202 एवं 0581-2428188 हेल्पलाइन नंबर सक्रिय बताए गए हैं। इसके अतिरिक्त उत्तर प्रदेश शासन की ओर से टोल फ्री नंबर 1855 भी जारी किया गया है।
प्रशासन की ओर से मीडिया एवं सोशल मीडिया प्रतिनिधियों से जनगणना के इस महत्वपूर्ण अभियान में सहभागी बनकर स्व-गणना का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की गई।
स्व-गणना को जन-जन तक पहुंचाएंगे सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और मीडिया प्रतिनिधि






