Home / News / सिरौली में घर पर चल रही थी हेरोइन बनाने की फैक्टरी, तीन तस्कर गिरफ्तार

सिरौली में घर पर चल रही थी हेरोइन बनाने की फैक्टरी, तीन तस्कर गिरफ्तार

4.515 किलो हेरोइन और केमिकल बरामद, पुलिस ने करीब 10 करोड़ रुपये कीमत बताई

बरेली। एएनटीएफ यूनिट बरेली और सिरौली थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम आलमपुर कोट में छापा मारकर कथित रूप से घर पर हेरोइन बनाने और बेचने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 4 किलो 515 ग्राम निर्मित व अर्धनिर्मित हेरोइन, 8 किलो 560 ग्राम सोडियम कार्बोनेट और 1 किलो 694 ग्राम एसिटिक एनहाइड्राइड समेत अन्य सामान बरामद किया है। बरामद मादक पदार्थ और केमिकल की अनुमानित कीमत करीब 10 करोड़ रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, 22 अक्टूबर को ग्राम आलमपुर कोट में रामभरोसे के मकान पर अवैध मादक पदार्थ बनाने और बेचने की सूचना मिली थी। इस पर एएनटीएफ और सिरौली पुलिस ने संयुक्त रूप से दबिश दी। मौके से रामभरोसे पुत्र स्वर्गीय भगवान दास और उसके बेटे वीरेश, निवासी ग्राम आलमपुर कोट, तथा बृजेश पुत्र छोटेलाल, निवासी ग्राम बेल भुजिया, थाना सिरौली को गिरफ्तार किया गया।

केमिकल से तैयार करते थे हेरोइन

पूछताछ में पुलिस को आरोपियों ने बताया कि वे काफी समय से मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त थे। पुलिस के अनुसार, वीरेश और बृजेश कथित रूप से विभिन्न रसायनों की मदद से हेरोइन तैयार करते थे। एक व्यक्ति झारखंड से हेरोइन बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और केमिकल उपलब्ध कराता था। इसके बाद आरोपी घर पर हेरोइन तैयार कर फुटकर में ग्राहकों को बेचते और मुनाफा आपस में बांट लेते थे।

पुलिस ने मौके से एक सिलेंडर, एक भगोना, दो परात, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा, तीन मोबाइल फोन और 2,000 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। इस मामले में थाना सिरौली में मुकदमा संख्या 355/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Tagged:
[post-views]
Share
Now