बिहार के सीवान जिले के आलमापुर गांव में पटाखा बनाते समय एक फैक्टरी में भीषण विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। शुरुआती जानकारी में हादसे में आठ लोगों की मौत की सूचना सामने आई, जबकि सीवान के एसपी भरत सोनी ने पांच लोगों की मौत की पुष्टि की है। घटना में कई लोगों के घायल होने की भी आशंका जताई जा रही है।
ग्रामीणों के मुताबिक, घटनास्थल के आसपास लगातार धमाकों की आवाजें सुनाई दे रही हैं। इससे राहत और बचाव कार्य में मुश्किलें आने की बात कही जा रही है। स्थिति को देखते हुए इलाके की घेराबंदी की जा रही है और पुलिस के जवान लोगों को घटनास्थल से दूर कर रहे हैं, ताकि किसी अन्य अनहोनी से बचा जा सके।
फिलहाल, हादसे के कारणों और घायलों की वास्तविक संख्या को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। पुलिस और प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।






