भुता पुलिस ने एसओजी और सर्विलांस टीम की मदद से पकड़ा आरोपी, हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड और चाकू बरामद
बरेली। थाना भुता पुलिस ने हत्या के एक मामले में प्रकाश में आए आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान पंकज मौर्य पुत्र मैकूलाल निवासी पुरानी बाजार, कस्बा व थाना क्योलड़िया, जनपद बरेली के रूप में हुई है। आरोपी पर मृतक की पत्नी से प्रेम संबंध होने और इसी बात को लेकर विवाद के बाद हत्या करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड और मछली के आकार का लोहे का चाकू बरामद किया है। इसके अलावा आरोपी के कब्जे से वीवो कंपनी का काले रंग का एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी मिला है।
पुलिस के मुताबिक, वादी ने 17 जुलाई 2026 को थाना भुता में तहरीर देकर बताया था कि उनका पुत्र चार जुलाई को क्योलड़िया स्थित जय गुरुदेव मैरिज हॉल में परिवार के साथ एक समारोह में शामिल होने गया था। इसके बाद अज्ञात लोगों ने उसकी हत्या कर शव नहर में फेंक दिया था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
नहर किनारे शराब पीने के दौरान हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी पंकज मौर्य ने बताया कि उसके मृतक की पत्नी से प्रेम संबंध थे, जिसकी जानकारी मृतक को हो गई थी। चार जुलाई की रात नहर किनारे शराब पीने के दौरान इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। पुलिस के मुताबिक, विवाद के दौरान मृतक ने ईंट फेंकी और मारपीट करने के लिए आमादा हुआ। इस पर आरोपी ने उसे धक्का देकर गिरा दिया और पास में मिली लोहे की रॉड से उसके सिर, मुंह और छाती पर वार किए। इससे वह बेहोश हो गया। इसके बाद आरोपी ने उसे नहर में धकेल दिया।
तिराहे से हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने बताया कि 10 अक्टूबर को एसओजी और सर्विलांस टीम की मदद तथा मुखबिर की सूचना पर आरोपी को दोरिया उर्फ झाऊनंगला तिराहे से शाम 6:54 बजे गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड और मछलीनुमा लोहे का चाकू बरामद किया गया। इसके बाद मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 की बढ़ोतरी की गई। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
इनकी रही अहम भूमिका
कार्रवाई करने वाली टीम में थाना भुता के प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र कुमार, सर्विलांस प्रभारी अभिषेक अपनी टीम के साथ, एसओजी द्वितीय प्रभारी अमरेश सिंह अपनी टीम के साथ, उपनिरीक्षक देवेन्द्र सारस्वत, कांस्टेबल रचित कुमार और कांस्टेबल निर्भय कुमार शामिल रहे।






