जालौन के नदीगांव क्षेत्र पंचायत में भ्रष्टाचार और गबन की शिकायत के मामले में शासन ने निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख अर्जुन सिंह को प्रशासक पद से हटाने के निर्देश जारी किए हैं। जिलाधिकारी समीर कुमार ने शासन के आदेश के अनुपालन में एसडीएम माधौगढ़ मनोज प्रकाश को क्षेत्र पंचायत नदीगांव के प्रशासक की जिम्मेदारी सौंप दी है।
जानकारी के अनुसार, धर्मेंद्र सिंह पुत्र गोविंद सिंह ने जुलाई 2025 में अर्जुन सिंह के खिलाफ पंचायती राज निदेशालय में भ्रष्टाचार और गबन की शिकायत की थी। मामले में जिलाधिकारी की ओर से 7 अगस्त 2025 को जांच आख्या शासन को भेजी गई थी। अर्जुन सिंह को अपना पक्ष रखने के लिए दो बार व्यक्तिगत सुनवाई का अवसर भी दिया गया।
इसके बाद निदेशालय ने 24 सितंबर 2026 को प्रस्तुत तथ्यों और पूर्व जांच आख्या के आधार पर संशोधित जांच रिपोर्ट मांगी। जिलाधिकारी ने 6 अक्टूबर को संशोधित जांच आख्या शासन को भेजी। इसके बाद शासन ने अर्जुन सिंह को प्रशासक पद से हटाकर किसी उपजिलाधिकारी को जिम्मेदारी सौंपने के निर्देश दिए। आदेश के तहत एसडीएम माधौगढ़ मनोज प्रकाश को नदीगांव क्षेत्र पंचायत का प्रशासक नियुक्त किया गया है।






