Home / News / फाइलेरिया उन्मूलन अभियान को लेकर डीएम अंशुल अग्रवाल की बड़ी पहल, खुद रक्त का नमूना देकर नाइट ब्लड सर्वे का किया शुभारंभ

फाइलेरिया उन्मूलन अभियान को लेकर डीएम अंशुल अग्रवाल की बड़ी पहल, खुद रक्त का नमूना देकर नाइट ब्लड सर्वे का किया शुभारंभ

फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी के उन्मूलन को लेकर बांका जिला प्रशासन की ओर से लगातार जागरूकता और जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 28 सितंबर 2026 की रात 10 बजे जिला पदाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने +2 उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय, हसिया में नाइट ब्लड सर्वे (NBS) अभियान की आधिकारिक शुरुआत की।
अभियान के शुभारंभ के दौरान डीएम अंशुल अग्रवाल ने स्वयं आगे बढ़कर अपने रक्त का नमूना दिया और रात्रि रक्त पट्ट जांच की शुरुआत कर एक महत्वपूर्ण संदेश दिया। डीएम का यह कदम लोगों के बीच जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ जांच अभियान के प्रति विश्वास पैदा करने वाला रहा।
अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि फाइलेरिया एक गंभीर बीमारी है, लेकिन समय पर जांच और आवश्यक दवाओं के सेवन से इसके प्रभाव को रोकने में महत्वपूर्ण मदद मिल सकती है। उन्होंने बताया कि फाइलेरिया के परजीवी रात के समय रक्त में अधिक सक्रिय होते हैं, इसलिए रात्रि में रक्त का नमूना लेकर जांच करना इस अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
डीएम अंशुल अग्रवाल ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी तरह की झिझक या भ्रम में न रहें और स्वास्थ्य विभाग की टीम को जांच में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि बीमारी की पहचान समय रहते होने पर उसके नियंत्रण और उन्मूलन की दिशा में प्रभावी कदम उठाया जा सकता है।
ग्रामीणों के सहयोग की डीएम ने की जमकर सराहना
जिलाधिकारी ने बेहरा पंचायत के ग्रामीणों द्वारा जांच अभियान में दिए जा रहे सहयोग की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने ग्रामीणों का आभार जताते हुए कहा कि किसी भी स्वास्थ्य अभियान की सफलता केवल प्रशासन या स्वास्थ्य विभाग से नहीं, बल्कि आम लोगों की सक्रिय भागीदारी से संभव होती है।
डीएम ने स्वास्थ्य विभाग, प्रशासनिक अधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों, विद्यालय परिवार, फ्रंटलाइन वर्कर्स तथा सहयोगी संस्थाओं को भी अभियान में समन्वय के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में प्रभारी सिविल सर्जन सह डीआईओ डॉ. सुनील कुमार चौधरी, स्थानीय मुखिया ऋषिकांत साह, डीपीएम ब्रजेश कुमार, वीबीडीसीओ डॉ. एस.एस. दास, बीडीओ कर्पूरी ठाकुर, पीरामल स्वास्थ्य के जिला प्रतिनिधि अवधेश कुमार, विद्यालय के प्राचार्य राजीव रंजन, स्वास्थ्य विभाग के कर्मी, पंचायत प्रतिनिधि, शिक्षकगण, फ्रंटलाइन कार्यकर्ता एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
डीएम अंशुल अग्रवाल द्वारा स्वयं रक्त का नमूना देकर अभियान की शुरुआत किए जाने से ग्रामीणों में भी जांच को लेकर सकारात्मक संदेश गया। जिला प्रशासन की यह पहल फाइलेरिया उन्मूलन के लक्ष्य को धरातल पर मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखी जा रही है। मनोरंजन प्रसाद, ब्यूरो चीफ, बांका।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now