Home / Breaking News / मेरठ में मस्जिद के बाहर हनुमान चालीसा पाठ का ऐलान, पुलिस ने संभाला मोर्चा….

मेरठ में मस्जिद के बाहर हनुमान चालीसा पाठ का ऐलान, पुलिस ने संभाला मोर्चा….

मेरठ के केसरगंज इलाके में मस्जिद के अंदर निर्माण को लेकर विवाद के बीच मंगलवार को हनुमान चालीसा पाठ के ऐलान के बाद पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। मस्जिद और आसपास के क्षेत्र में पांच थानों की पुलिस समेत 100 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा PAC को भी मौके पर बुलाया गया है।

केसरगंज मंडी में प्रवेश करने वाले दोनों प्रमुख गेटों पर बैरिकेडिंग की गई है। पुलिस स्थानीय लोगों की पहचान की जांच के बाद ही उन्हें इलाके में प्रवेश दे रही है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए क्षेत्र में पुलिस की लगातार गश्त भी जारी है।

दरअसल, सोमवार को गाजियाबाद के हिंदू दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी और ललित शर्मा का मस्जिद के बाहर हनुमान चालीसा पाठ करते हुए एक वीडियो सामने आया था। इसके बाद मस्जिद के मुतवल्ली जुबैर ने SSP कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और मामले में कार्रवाई की मांग की।

एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि मस्जिद के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है और इलाके में गश्त बढ़ाई गई है। पुलिस की ओर से स्थानीय गतिविधियों के साथ सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली सामग्री पर भी नजर रखी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस की प्राथमिकता कानून-व्यवस्था बनाए रखना है और किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

पुलिस ने स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। साथ ही किसी भी अपुष्ट सूचना या अफवाह पर भरोसा नहीं करने और प्रशासन का सहयोग करने को कहा गया है।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now