लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा
समस्तीपुर । जिले के लोगों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में जांच सुविधाओं को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला अस्पताल से लेकर अनुमंडलीय अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) तक ECG जांच की सुविधा निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।
ECG यानी इलेक्ट्रोकार्डियोग्राम हृदय की विद्युत गतिविधियों की जांच करने वाली एक महत्वपूर्ण और सामान्य चिकित्सकीय प्रक्रिया है। सीने में दर्द, सांस लेने में परेशानी, धड़कन में अनियमितता, चक्कर आने अथवा हृदय से संबंधित अन्य लक्षणों वाले मरीजों के चिकित्सकीय मूल्यांकन में ECG जांच महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में ECG की सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों को आवश्यकतानुसार अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर ही जांच कराने का अवसर मिलेगा। इससे समय पर चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी।
आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को राहत
सरकारी अस्पतालों में ECG जांच के साथ चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा भी उपलब्ध होने से मरीजों को जांच के लिए निजी केंद्रों का सहारा लेने की आवश्यकता कम होगी। विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मरीजों के लिए यह सुविधा राहत देने वाली है।
स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य आम नागरिकों को उनके नजदीकी स्वास्थ्य संस्थान पर आवश्यक जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि गंभीर बीमारियों की पहचान एवं उपचार में अनावश्यक देरी न हो।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि चिकित्सक द्वारा ECG जांच की सलाह दिए जाने पर अपने नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य संस्थान में उपलब्ध इस निशुल्क सुविधा का लाभ उठाएं।
मुख्य संदेश : “समय पर जांच, समय पर उपचार+ स्वस्थ हृदय की ओर एक महत्वपूर्ण कदम।”







