Home / News / ग्राम सोहागपुर में वित्तीय साक्षरता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

ग्राम सोहागपुर में वित्तीय साक्षरता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित


करतला। वित्तीय साक्षरता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आरोह फाउंडेशन द्वारा भारतीय स्टेट बैंक, कोरबा के मार्गदर्शन में 23 सितंबर 2026 को विकासखंड करतला के ग्राम पंचायत सोहागपुर में वित्तीय साक्षरता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में एलडीएम कृष्ण भगत, एफएलसी चंद्रशेखर, एसबीआई सोहागपुर शाखा प्रबंधक, एनआरएलएम के बीपीएम सुरेश निर्मलकर, पीआरपी अंजनी यादव एवं वित्तीय काउंसलर तारावती राठिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को बैंकिंग लेनदेन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। एलडीएम कृष्ण भगत एवं एसबीआई शाखा प्रबंधक द्वारा साइबर फ्रॉड से बचाव, ऑनलाइन धोखाधड़ी के प्रति सतर्कता तथा सुरक्षित बैंकिंग लेनदेन के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
वहीं एफएलसी चंद्रशेखर ने बचत एवं निवेश के महत्व के साथ प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, क्रेडिट कार्ड एवं डिजिटल बैंकिंग सहित विभिन्न वित्तीय सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने ऑनलाइन मनी ट्रांसफर, शिकायत निवारण प्रक्रिया तथा अलग-अलग क्षेत्रों में सुरक्षित तरीके से धन निवेश करने के संबंध में भी ग्रामीणों को जागरूक किया।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को अपने बैंक खाते, एटीएम, डिजिटल लेनदेन एवं अन्य वित्तीय साधनों की सुरक्षा के प्रति विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई। ग्रामीणों ने कार्यक्रम में दी गई जानकारियों को ध्यानपूर्वक सुना और वित्तीय योजनाओं एवं सुरक्षित बैंकिंग व्यवहार को समझने में रुचि दिखाई।
आयोजकों ने कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बैंकिंग एवं वित्तीय सेवाओं से जोड़ना तथा उन्हें सुरक्षित और समझदारीपूर्ण वित्तीय निर्णय लेने के लिए जागरूक करना है।
अशोक कुमार श्रीवास की खास रिपोर्ट

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now