बरेली। भमोरा पुलिस ने चेकिंग के दौरान फर्जी दस्तावेज तैयार कर लोगों से रकम वसूलने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो फर्जी आधार कार्ड, दो फर्जी आदेशों की छायाप्रति, दो तमंचे 315 बोर और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, बुधवार को उपनिरीक्षक नरेंद्र शर्मा पुलिस टीम के साथ संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर ग्राम ब्राह्मपुर से पहले बंद पड़े ईंट-भट्ठे के पास से राजवीर राठौर निवासी चकमहमूद, थाना बारादरी और निकेत भारद्वाज निवासी खन्नू मोहल्ला, थाना किला को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में राजवीर ने बताया कि वह अपने साथियों पप्पू मौर्य, शिवलाल मौर्य और शशांक वर्मा के साथ सरकारी विभागों के अधिकारियों के नाम से फर्जी कागजात तैयार कराकर रकम कमाते थे। ये दस्तावेज निकेत भारद्वाज से तैयार कराने की बात भी सामने आई है।
मामले में थाना भमोरा में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। मामले में तीन अन्य आरोपी फरार बताए गए हैं।
फर्जी कागजात और तमंचों के साथ दो गिरफ्तार






