बरेली। नानी के साथ ट्रेन से घर लौट रही कक्षा दो की 10 वर्षीय छात्रा भोजीपुरा स्टेशन के पास अचानक चलती ट्रेन से नीचे गिर गई। हादसे में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई। जीआरपी ने घायल छात्रा को भोजीपुरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे जिला अस्पताल ले आए, जहां उसका इलाज चल रहा है।
किच्छा अपने घर नानी रामवती के साथ जा रही थी।
थाना सुभाषनगर क्षेत्र के नेकपुर निवासी रामवती अपनी 10 वर्षीय नातिन को किच्छा स्थित बेटी के घर छोड़ने जा रही थीं। मंगलवार रात करीब आठ बजे दोनों ट्रेन से सफर कर रही थीं। भोजीपुरा स्टेशन के पास अचानक रश्मि ट्रेन से नीचे गिर गई। छात्रा के गिरने की जानकारी नानी ने ट्रेन में मौजूद टीटी को दी।
छात्रा के ट्रेन से गिरने की सूचना मिलते ही जीआरपी सक्रिय हो गई। पुलिस ने घायल रश्मि को भोजीपुरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया और परिजनों को सूचना दी। जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। बाद में छात्रा को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया।
परिजनों के मुताबिक रश्मि को नींद में चलने की बीमारी है। आशंका जताई जा रही है कि इसी वजह से वह नींद की हालत में ट्रेन से नीचे गिर गई। हादसे में उसे गंभीर चोटें आई हैं। जिला अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।





