लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा
कोलकाता, सियालदह और हावड़ा से मधुबनी, सीतामढ़ी व रक्सौल के बीच 56 ट्रेन सेवाएं होंगी संचालित
समस्तीपुर । पूजा पर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर मंडल ने यात्रियों की सुविधा के लिए चार जोड़ी पूजा विशेष ट्रेनों के परिचालन का निर्णय लिया है। कोलकाता, सियालदह और हावड़ा से बिहार के विभिन्न जिलों के लिए चलने वाली इन ट्रेनों से पश्चिम बंगाल, उत्तर बिहार और सीमावर्ती क्षेत्रों के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।
रेलवे के अनुसार, चारों जोड़ी विशेष ट्रेनों के प्रत्येक दिशा में सात-सात फेरे निर्धारित किए गए हैं। इस प्रकार कुल 56 ट्रेन सेवाओं का परिचालन होगा।
कोलकाता-मधुबनी के बीच दो जोड़ी ट्रेनें
गाड़ी संख्या 03185/03186 कोलकाता-मधुबनी-कोलकाता पूजा स्पेशल तथा 03187/03188 कोलकाता-मधुबनी-कोलकाता पूजा स्पेशल का परिचालन किया जाएगा। दोनों ट्रेनों का ठहराव कोलकाता टर्मिनल, नेहाटी जंक्शन, बंडेल, बर्द्धमान, दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, मधुपुर, जसीडीह, झाझा, किऊल, बरौनी, समस्तीपुर, दरभंगा और सकरी होते हुए मधुबनी तक रहेगा।
सियालदह से सीतामढ़ी तक भी स्पेशल ट्रेन
गाड़ी संख्या 03133/03134 सियालदह-सीतामढ़ी-सियालदह पूजा स्पेशल नेहाटी, बंडेल, बर्द्धमान, दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, मधुपुर, जसीडीह, झाझा, किऊल, बरौनी, दलसिंहसराय, समस्तीपुर, दरभंगा, कमतौल और जनकपुर रोड होते हुए सीतामढ़ी पहुंचेगी। वापसी में भी इसी मार्ग से ट्रेन का परिचालन होगा।
हावड़ा-रक्सौल के बीच भी विशेष ट्रेन
गाड़ी संख्या 03043/03044 हावड़ा-रक्सौल-हावड़ा पूजा स्पेशल बंडेल, बर्द्धमान, दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, मधुपुर, जसीडीह, झाझा, किऊल, बरौनी, दलसिंहसराय, समस्तीपुर, दरभंगा, कमतौल, जनकपुर रोड, सीतामढ़ी और बैरगनिया होते हुए रक्सौल पहुंचेगी।
इन विशेष ट्रेनों में ट्रेन के अनुसार सामान्य, स्लीपर और वातानुकूलित श्रेणी के कोच उपलब्ध रहेंगे। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले संबंधित ट्रेन के परिचालन दिवस, समय और आरक्षण की स्थिति की पुष्टि अधिकृत रेलवे यात्री सूचना प्रणाली से कर लें।






