लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा
समस्तीपुर । पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन में लाभुकों के आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित अथवा अस्वीकृत किए जाने के मामलों को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। योजना के निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप कार्रवाई नहीं किए जाने को लेकर संबंधित बैंक शाखाओं के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के लिए सक्षम प्राधिकार को प्रस्ताव भेजा गया है।
जिले में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत अधिक से अधिक परिवारों को रूफटॉप सोलर से जोड़ने की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया गया है। समस्तीपुर जिले के लिए कुल 21,000 लाभुकों को योजना से लाभान्वित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
लक्ष्य के तहत समस्तीपुर विद्युत प्रमंडल को 9,460, दलसिंहसराय विद्युत प्रमंडल को 6,765 तथा रोसड़ा विद्युत प्रमंडल को 4,775 लाभुकों को योजना से जोड़ने का लक्ष्य दिया गया है।
योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा के दौरान जिले की कुछ बैंक शाखाओं में लाभुकों के ऋण संबंधी आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित अथवा अस्वीकृत किए जाने के मामले सामने आए। एसबीआई ताजपुर शाखा में 22 आवेदन सिबिल स्कोर के आधार पर अस्वीकृत किए जाने की जानकारी मिली है। निर्धारित निर्देशों के अनुसार केवल सिबिल स्कोर के आधार पर पीएम सूर्य घर योजना के आवेदन को अस्वीकृत नहीं किया जाना है।
इसी तरह केनरा बैंक कस्बे आहार शाखा में 22 आवेदन लंबित पाए गए हैं। वहीं एसबीआई की विभूतिपुर, पटोरी और काशीपुर शाखाओं में भी योजना से संबंधित आवेदनों के लंबित अथवा अस्वीकृत किए जाने की स्थिति संज्ञान में आई है।
इसके अलावा सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की सरायरंजन शाखा में योजना के लाभुकों से जमीन स्वामित्व प्रमाण-पत्र मांगे जाने का मामला सामने आया है। वहीं ग्रामीण बैंक, खजुरी शाखा में सब्सिडी की राशि को बैंक ऋण की पूर्ण अदायगी तक होल्ड रखने की शिकायत मिली है। पीएनबी नारघोगी शाखा में भी योजना से संबंधित आवेदन लंबे समय तक लंबित रखे जाने की जानकारी प्राप्त हुई है।
लाभुकों के आवेदनों के अनावश्यक रूप से लंबित अथवा अस्वीकृत किए जाने तथा योजना के निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप कार्रवाई नहीं किए जाने के मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित बैंक शाखाओं के विरुद्ध कार्रवाई के लिए सक्षम प्राधिकार को प्रस्ताव भेजा गया है।
जिले में निर्धारित लक्ष्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए विद्युत विभाग और संबंधित बैंक अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया जा रहा है। साथ ही लाभुकों के आवेदनों का नियमानुसार त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
पीएम सूर्य घर योजना का उद्देश्य अधिक से अधिक परिवारों को रूफटॉप सोलर से जोड़ना, स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देना तथा परिवारों को बिजली के क्षेत्र में राहत एवं आर्थिक लाभ उपलब्ध कराना है।







