Home / News / ठोस कचरा प्रबंधन के लिए जनभागीदारी जरूरी : डीडीसी

ठोस कचरा प्रबंधन के लिए जनभागीदारी जरूरी : डीडीसी

लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा

समस्तीपुर। स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ शहर के निर्माण के लिए ठोस कचरे का वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधन जरूरी है। इसी उद्देश्य से शुक्रवार को विधि महाविद्यालय, समस्तीपुर में नगर निगम प्रशासन की ओर से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 को लेकर जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें जिले के विभिन्न नगर निकायों के जनप्रतिनिधियों एवं कार्यपालक पदाधिकारियों ने भाग लिया।

कार्यशाला का उद्घाटन महापौर अनीता राम, उप महापौर रामबालक पासवान, उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह, नगर आयुक्त गौतम कुमार एवं उप नगर आयुक्त विभूति कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह ने कहा कि ठोस कचरे का उचित प्रबंधन केवल नगर निकायों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें जनप्रतिनिधियों, प्रशासन के साथ आम नागरिकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने घर से ही कचरे का पृथक्करण सुनिश्चित करने तथा उसके वैज्ञानिक निस्तारण की व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर जोर दिया। कहा कि प्रशिक्षण से मिली जानकारी का वास्तविक लाभ तभी मिलेगा, जब उसे धरातल पर प्रभावी तरीके से लागू किया जाए।

महापौर अनीता राम ने कहा कि स्वच्छ और सुंदर शहर के लिए नियमित कचरा उठाव के साथ नागरिकों में जागरूकता पैदा करना भी आवश्यक है। स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने में जनभागीदारी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

नगर आयुक्त गौतम कुमार ने कहा कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़े प्रावधानों की स्पष्ट जानकारी नगर निकायों की कार्यप्रणाली को अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाने में सहायक होगी। प्रशिक्षण में मिली जानकारी को व्यवहार में उतारना ही कार्यशाला की वास्तविक सफलता होगी।

मुख्य प्रशिक्षक डॉ. संजय गुप्ता ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के विभिन्न प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कचरे को स्रोत पर अलग करने, संग्रहण, परिवहन, प्रसंस्करण, पुनर्चक्रण, पुन: उपयोग एवं सुरक्षित निस्तारण की प्रक्रिया को व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से समझाया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने विभिन्न विषयों को लेकर सवाल पूछे, जिनका प्रशिक्षक ने समाधान किया।

समापन पर उप महापौर रामबालक पासवान ने वार्ड स्तर पर लोगों को जागरूक कर कचरे के उचित निस्तारण के लिए प्रेरित करने की आवश्यकता बताई। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक सुभीत कुमार सिंह ने किया। प्रशिक्षण के बाद नगर आयुक्त गौतम कुमार ने कार्यशाला में शामिल जनप्रतिनिधियों, कार्यपालक पदाधिकारियों एवं स्वच्छता पदाधिकारियों को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।

कार्यशाला में जिले के विभिन्न नगर निकायों के सभापति, उपसभापति, अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, कार्यपालक पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now