लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा
17 सितंबर से 15 अक्टूबर तक स्टेशनों, ट्रेनों, पटरियों और रेलवे कॉलोनियों में होंगे विभिन्न कार्यक्रम
समस्तीपुर। भारतीय रेलवे के निर्देशानुसार समस्तीपुर रेल मंडल में 17 सितंबर से 15 अक्टूबर तक ‘स्वच्छता ही सेवा’ (SHS) 2026, स्वच्छता पखवाड़ा 2026 और स्पेशल कैंपेन 6.0 का आयोजन किया जाएगा। अभियान के दौरान रेलवे स्टेशनों, ट्रेनों, पटरियों, रेलवे कॉलोनियों और कार्यालयों में विशेष सफाई अभियान चलाने के साथ जनभागीदारी को बढ़ावा दिया जाएगा।
अभियान के तहत 17 एवं 18 सितंबर को रेलवे स्कूलों में ‘स्वच्छता पाठशाला’ का आयोजन होगा। इसमें ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, जल संचय को लेकर जागरूकता सत्र, नुक्कड़ नाटक और चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। साथ ही किताब, खिलौने और कपड़ों के लिए डोनेशन ड्राइव भी चलेगी।
19 एवं 20 सितंबर को स्टेशन पहुंच मार्गों और पटरियों के आसपास चिन्हित कचरा संवेदनशील स्थानों की सफाई एवं सौंदर्यीकरण किया जाएगा। 21 एवं 22 सितंबर को ‘स्वच्छ स्टेशन और स्वच्छ रेलगाड़ी’ अभियान के तहत प्रमुख एवं गैर-प्रमुख स्टेशनों की गहन सफाई के साथ ट्रेनों के कोच और शौचालयों की जांच की जाएगी।
23 एवं 24 सितंबर को रेलवे कॉलोनियों में घर-घर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान होम कंपोस्टिंग तथा सिंगल यूज प्लास्टिक के स्थान पर कपड़े के थैलों के इस्तेमाल को बढ़ावा दिया जाएगा। 25 एवं 26 सितंबर को रेलवे खेल परिसरों में शून्य-अपशिष्ट खेल गतिविधियां तथा ‘नेकी की दीवार’ के माध्यम से पुरानी उपयोगी वस्तुओं के पुनर्वितरण की पहल होगी।
27 सितंबर को विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर धरोहर स्टेशनों और स्मारकों में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। 28 एवं 29 सितंबर को ‘कबाड़ से जुगाड़’ अभियान के तहत रेलवे स्क्रैप से कलाकृतियां बनाने और प्लास्टिक रीसाइक्लिंग मेले आयोजित किए जाएंगे। 30 सितंबर को सफाई मित्रों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर, पीपीई किट वितरण, सामाजिक कल्याण योजनाओं से जोड़ने तथा सम्मान समारोह का आयोजन होगा।
इसके बाद 1 से 15 अक्टूबर तक स्वच्छता पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा। 1 अक्टूबर को सुबह 8 बजे स्टेशनों, पटरियों और रेलवे कॉलोनियों में समकालिक श्रमदान होगा। वहीं यात्रियों से ‘मेरी सीट, मेरा डब्बा’ अभियान के तहत स्वच्छता में सहयोग की अपील की जाएगी।
2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर स्वच्छता शपथ, प्रभात फेरी और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया जाएगा। 3 से 5 अक्टूबर तक स्टेशनों, पैंट्री कारों, प्रतीक्षालयों, विश्राम गृहों और कार्यालयों में गहन सफाई, कीट नियंत्रण एवं ई-वेस्ट निपटान किया जाएगा।
6 से 8 अक्टूबर तक ट्रैकसाइड और पुराने कचरा स्थलों की सफाई होगी। 9 एवं 10 अक्टूबर को अवैध पोस्टर-बैनर हटाने के साथ ‘नो रेड एंड येलो स्पॉट’ अभियान चलाकर गुटखा-पान के दागों की सफाई की जाएगी। 11 से 15 अक्टूबर तक रेलवे कर्मचारियों, वेंडर्स और ओबीएचएस स्टाफ को एसडब्ल्यूएम नियम 2026 तथा कचरा पृथक्करण को लेकर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
रेल मंडल के इस अभियान में स्वच्छता के साथ जनभागीदारी, कचरा प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण और सफाई मित्रों के सम्मान पर विशेष जोर दिया जाएगा।






