जालौन के कोंच।*में सेठ बद्री प्रसाद महाविद्यालय में बी.एल.एड. विभाग द्वारा नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के लिए दीक्षा आरंभ समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को बी.एल.एड. पाठ्यक्रम की जानकारी देने के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न करियर अवसरों से परिचित कराना रहा।
समारोह में बी.एल.एड. विभाग के एच.ओ.डी. श्री बृजेंद्र सिंह निरंजन ने छात्र-छात्राओं को बी.एल.एड. पाठ्यक्रम के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने पाठ्यक्रम की विषयवस्तु, अध्ययन की प्रक्रिया तथा बी.एल.एड. के बाद शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार एवं कैरियर की संभावनाओं के बारे में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, इसलिए विद्यार्थियों को अपने अध्ययन के साथ-साथ अनुशासन, ज्ञान और शिक्षण कौशल पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए।
इसके पश्चात बी.एल.एड. पाठ्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पास-आउट टॉपर छात्र-छात्राओं का सम्मान किया गया। महाविद्यालय परिवार द्वारा टॉपर विद्यार्थियों को माला एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर तथा मिष्ठान खिलाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई तथा उन्हें आगे भी सफलता की नई ऊंचाइयां हासिल करने के लिए प्रेरित किया गया।
बी.एल.एड. में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों में प्रथम स्थान पर प्रगति गुप्ता, द्वितीय स्थान पर शिवानी प्रजापति एवं तृतीय स्थान पर अजय कुमार रहे। इन विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत, लगन और उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन से महाविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।
समारोह में उपस्थित नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं ने बी.एल.एड. पाठ्यक्रम एवं कैरियर से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। टॉपर विद्यार्थियों के सम्मान से अन्य छात्र-छात्राओं को भी बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिली।
कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय परिवार की ओर से सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल, सफल एवं मंगलमय भविष्य की कामना की गई। समारोह उत्साह एवं प्रेरणादायक वातावरण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य बृजेंद्र सिंह निरंजन, फार्मेसी विभाग से डॉ. मनोज पटेल, डॉ. सत्य प्रताप सिंह, तैय्यबा सिद्दीकी मैम, उवैश मंसूरी सर, नर्सिंग विभाग से डॉ. आर. डी. सिंह एवं जय सरोज, राम सर, साथ ही महाविद्यालय परिवार के राधे श्याम पटेल, राघवेंद्र पटेल, मनोज श्रीवास्तव (प्रवेश प्रभारी), संतोष रायकवार, दिनेश बाबू, अनूप चौधरी, विवेक बाबू, संदीप सहित शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।








