लोकेशन : समस्तीपुर
रिपोर्ट : नवनीत कुमार झा
डबल मर्डर पर विधायक ने एसपी से की बात, जल्द खुलासे का भरोसा
आलोक मेहता ने भरपुरा पहुंचकर पीड़ित परिजनों से ली घटना की जानकारी, सड़क हादसे में मृत राधे के घर भी पहुंचे
समस्तीपुर। विभूतिपुर प्रखंड के भरपुरा पटपारा पंचायत स्थित भरपुरा वार्ड संख्या-11 में बुजुर्ग दंपति की हत्या के बाद मामले को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। गुरुवार की रात उजियारपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक आलोक कुमार मेहता पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर घटना की पूरी जानकारी ली और उन्हें ढांढस बंधाया।
पीड़ित परिवार से ली घटना की जानकारी
विधायक ने परिजनों से बातचीत कर हत्या की घटना और अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में वे पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि मामले में किसी भी तरह की आवश्यकता होने पर वे हरसंभव सहयोग करेंगे।
एसपी से फोन पर हुई बातचीत
आलोक मेहता ने बताया कि उन्होंने डबल मर्डर की घटना को लेकर पुलिस अधीक्षक से बातचीत की है। उन्होंने एसपी से जल्द कार्रवाई करते हुए हत्याकांड का पर्दाफाश करने की मांग की है। एसपी ने भी शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
जल्द सामने आएगा हत्या का राज
विधायक ने कहा कि बुजुर्ग दंपति की हत्या बेहद गंभीर और संवेदनशील घटना है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उम्मीद है कि जांच के आधार पर जल्द ही हत्याकांड के पीछे का राज सामने आएगा और घटना में शामिल लोगों तक पुलिस पहुंचेगी।
राधे के परिवार से भी मिले
बुजुर्ग दंपति के परिजनों से मुलाकात के बाद विधायक सड़क हादसे में मृत राधे कुमार के घर पहुंचे। उन्होंने मृतक के पिता बहोरन दास समेत अन्य परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और दुख की इस घड़ी में परिवार को ढांढस बंधाया।
दोनों परिवारों को मदद का भरोसा
आलोक मेहता ने दोनों पीड़ित परिवारों से कहा कि किसी भी तरह की समस्या या जरूरत होने पर वे उनसे सीधे संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने परिवारों की हरसंभव मदद करने का भरोसा दिलाया।
राजद कार्यकर्ता रहे मौजूद
मौके पर विभूतिपुर प्रखंड राजद अध्यक्ष रविंद्र कुमार यादव, पंचायत समिति प्रतिनिधि यशवंत कुमार चौधरी उर्फ अनमोल चौधरी, धर्मेश चौधरी, मनोज कुमार कुशवाहा, कुमार गौरव, राजीव कुमार यादव, राजीव कुमार महतो, प्रभु नारायण राय, राम प्रवेश यादव, कमल यादव, आलोक कुमार समेत राजद के अन्य कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।









