(रिपोर्ट- नेहाल अख्तर)
(Express news bharat)
(जिला संवाददता बलिया)
रसड़ा, बलिया। माताओं-बहनों की आस्था और शादी-विवाह से जुड़ी पारंपरिक रस्मों के महत्वपूर्ण स्थल मटकोर घर के आसपास स्वच्छता एवं बेहतर व्यवस्था को लेकर बुधवार की सुबह नगर पालिका प्रशासन ने निरीक्षण किया।
नगर पालिका अध्यक्ष विनयशंकर जायसवाल ने अधिशासी अधिकारी एवं नगर पालिका की पूरी टीम के साथ मटकोर घर के आसपास की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान आसपास जगह-जगह डंप हो रहे कूड़े-कचरे के कारण फैली गंदगी पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को तत्काल सफाई एवं कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विनयशंकर जायसवाल ने कहा कि मटकोर घर हमारी माताओं-बहनों की आस्था, परंपरा और शादी-विवाह से जुड़ी महत्वपूर्ण रस्मों का पवित्र स्थल है। ऐसे सार्वजनिक एवं धार्मिक भावनाओं से जुड़े स्थान के आसपास स्वच्छता और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना नगर पालिका की प्राथमिकता है।
उन्होंने नगरवासियों को विश्वास दिलाते हुए कहा कि मटकोर घर के आसपास जमा कूड़े-कचरे का जल्द से जल्द निस्तारण कराया जाएगा तथा क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि लोगों को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण मिल सके।
उन्होंने नगरवासियों से भी अपील की कि सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा-कचरा न फेंकें और नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में नगर पालिका का सहयोग करें।








