बरेली। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मौलानगर में मंगलवार को कथित रूप से पार्क की सरकारी भूमि पर बनी कामधेनु गौशाला पर बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस, पीएसी, सिविल पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। विरोध की आशंका को देखते हुए पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में रखा गया।
जानकारी के अनुसार, यह गौशाला महामंडलेश्वर संजीव गौड़ द्वारा संचालित बताई जा रही है। स्थानीय लोगों की शिकायत थी कि करीब 500 वर्गगज पार्क की सरकारी भूमि पर निर्माण कर सार्वजनिक स्थल पर कब्जा कर लिया गया है, जिससे बच्चों के खेलने और लोगों के टहलने की जगह समाप्त हो गई। शिकायत के बाद BDA ने जांच की और निर्माण को अवैध मानते हुए ध्वस्तीकरण के आदेश जारी किए।
बताया जा रहा है कि इससे पहले 24 जुलाई को भी कार्रवाई प्रस्तावित थी, लेकिन उस दिन BDA की टीम मौके पर नहीं पहुंच सकी, जिसके चलते कार्रवाई टाल दी गई थी। मंगलवार को बुलडोजर के साथ पहुंची टीम ने पुलिस सुरक्षा के बीच ध्वस्तीकरण शुरू कराया।
कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध जताया, जिससे मौके पर मौजूद लोगों और BDA अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए विरोध कर रहे लोगों को पीछे हटाया और सुरक्षा घेरे में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई जारी रखी।
BDA का कहना है कि ध्वस्तीकरण की कार्रवाई न्यायालय एवं प्राधिकरण के आदेशों के अनुरूप की गई है। वहीं, पूरे घटनाक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा।






