लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मंगलवार को एक दुखद घटना सामने आई। समाजवादी पार्टी सरकार में दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री रह चुके नानक दीन भुर्जी की दारुल सफा नए विधायक निवास की सातवीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई। घटना के बाद परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। पुलिस टीम ने उन्हें गंभीर हालत में सिविल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना हजरतगंज थाना क्षेत्र स्थित दारुल सफा नए विधायक निवास में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। साथ ही, मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ कर घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मौत के कारणों को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला गया है। जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नानक दीन भुर्जी प्रदेश की राजनीति में लंबे समय तक सक्रिय रहे और समाजवादी पार्टी सरकार के दौरान उन्हें दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री का दायित्व मिला था। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के लोगों ने शोक व्यक्त किया है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जांच पूरी होने से पहले किसी भी तरह की अपुष्ट जानकारी या अटकलों पर विश्वास न करें। मामले की विस्तृत जांच जारी है और आधिकारिक रिपोर्ट आने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी.






