Home / News / जर्जर पंचायत भवन के कारण ग्राम पंचायत सुपातराई में प्रशासनिक कार्य प्रभावित, ग्रामीणों की मांग के बावजूद नहीं हुआ समाधान

जर्जर पंचायत भवन के कारण ग्राम पंचायत सुपातराई में प्रशासनिक कार्य प्रभावित, ग्रामीणों की मांग के बावजूद नहीं हुआ समाधान

अशोक कुमार श्रीवास की रिपोर्ट
करतला//विकासखंड करतला, जिला कोरबा (छत्तीसगढ़) अंतर्गत ग्राम पंचायत सुपातराई का पंचायत भवन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुका है। भवन की जर्जर स्थिति के कारण पंचायत के नियमित प्रशासनिक कार्यों के संचालन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि पंचायत की बैठकों का आयोजन मजबूरी में सामुदायिक भवन में किया जा रहा है, जबकि वह भवन भी काफी पुराना और जर्जर हो चुका है।
ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों के अनुसार, पंचायत भवन के निर्माण के लिए कई बार शासन-प्रशासन से मांग की जा चुकी है। इस संबंध में पंचायत प्रतिनिधि जिला कलेक्टर के पास प्रस्ताव लेकर पहुंचे थे, लेकिन उन्हें यह कहकर मना कर दिया गया कि वर्तमान में पंचायत भवन निर्माण के लिए कोई बजट उपलब्ध नहीं है तथा जिला खनिज न्यास (DMF) मद में भी इस कार्य के लिए राशि उपलब्ध नहीं है।
समस्या के समाधान की उम्मीद में ग्रामीणों ने राज्य सरकार के सुशासन तिहार के दौरान भी आवेदन प्रस्तुत किया, लेकिन आज तक इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी। इससे ग्रामीणों में निराशा और असंतोष का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत भवन केवल बैठकों के लिए ही नहीं, बल्कि विभिन्न शासकीय योजनाओं के संचालन, दस्तावेजों के संधारण और ग्रामीणों को आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रमुख केंद्र होता है। ऐसे में भवन के अभाव से पंचायत का कार्य प्रभावित हो रहा है।
इस मामले की जानकारी क्षेत्र की सांसद को भी दी गई थी। बताया जाता है कि सांसद ने स्वयं ग्राम पंचायत पहुंचकर पंचायत भवन की जर्जर स्थिति का निरीक्षण किया था। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन दिया था कि इस संबंध में जिला कलेक्टर से चर्चा कर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी। हालांकि, आश्वासन के बाद भी अब तक पंचायत भवन निर्माण की दिशा में कोई ठोस पहल सामने नहीं आई है।
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि पंचायत भवन निर्माण के लिए शीघ्र स्वीकृति एवं बजट उपलब्ध कराया जाए, ताकि पंचायत के प्रशासनिक कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सकें और ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
अब देखना यह होगा कि लंबे समय से लंबित इस समस्या पर शासन और प्रशासन कब तक गंभीरता से संज्ञान लेते हैं और ग्राम पंचायत सुपातराई को नया पंचायत भवन उपलब्ध कराने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं। ग्रामीणों को उम्मीद है कि उनकी वर्षों पुरानी मांग जल्द पूरी होगी।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now