बरेली। महिला सुरक्षा अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए थाना कैंट पुलिस ने महिलाओं और युवतियों पर अश्लील टिप्पणियां करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार महिला सुरक्षा हेतु विशेष टीम भोजीपुर क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि भोजीपुर निवासी अकबर अली महिलाओं के संबंध में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट कर रहा है तथा सड़क से गुजरने वाली महिलाओं और लड़कियों पर अश्लील फब्तियां कस रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची और भोजीपुर चौराहे के पास आरोपी को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अकबर अली पुत्र छोटे अली, निवासी भोजीपुर, थाना कैंट, जनपद बरेली बताया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की अभद्रता या अशोभनीय हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






