रिपोर्टर पप्पू लाल पंचोली
₹21 करोड़ की CASE परियोजना बनी मिसाल, सत्यनारायण लड्डा के योगदान का जयपुर में सम्मान
फुलिया कला।शिक्षा एवं खेल क्षेत्र में ग्रामीण विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने की दिशा में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्य के लिए फुलिया कलां की CASE (Centre for Academics and Sports Excellence) परियोजना को राज्य स्तरीय पहचान मिली है।
जयपुर स्थित बिरला ऑडिटोरियम में आयोजित 30वें भामाशाह सम्मान समारोह में राजस्थान के उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा एवं शिक्षा मंत्री श्री मदन दिलावर ने भामाशाह श्री सत्यनारायण लड्डा की ओर से उनके नॉमिनी श्री सुभाष लड्डा (अध्यक्ष, श्री कल्याण सेवा संस्थान) एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती बीना लड्डा को भामाशाह सम्मान प्रदान किया।
यह सम्मान श्री कल्याण राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, फुलिया कलां, जिला भीलवाड़ा में संचालित CASE परियोजना के अंतर्गत शिक्षा एवं खेल अवसंरचना के विकास में दिए जा रहे महत्वपूर्ण योगदान के लिए दिया गया।
लगभग 21 करोड़ रुपए की लागत से विकसित हो रही इस परियोजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक संसाधन, बेहतर खेल सुविधाएं एवं सर्वांगीण विकास के अवसर उपलब्ध कराना है। परियोजना के तहत विद्यालय में अत्याधुनिक शिक्षण सुविधाओं, खेल मैदानों एवं विद्यार्थियों के कौशल विकास से जुड़ी व्यवस्थाओं का निर्माण किया जा रहा है।
समारोह में राज्य सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में भामाशाहों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में शिक्षा के प्रति सहयोग और सहभागिता की भावना को मजबूत करते हैं। CASE परियोजना ग्रामीण शिक्षा के क्षेत्र में एक प्रेरणादायक पहल के रूप में उभर रही है।






