फूलियाकलां के लाल सत्य नारायण लड्डा का जयपुर में होगा सम्मान, ₹21 करोड़ के CASE Project से बदली ग्रामीण शिक्षा की तस्वीर
फूलियाकलां। शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान और ग्रामीण विद्यालयों के समग्र विकास में अहम भूमिका निभाने वाले भामाशाह श्री सत्य नारायण लड्डा को राजस्थान सरकार के प्रारम्भिक शिक्षा एवं पंचायतीराज विभाग द्वारा राज्य स्तरीय भामाशाह सम्मान-2026 से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान समारोह 29 जून 2026 को जयपुर स्थित बिड़ला ऑडिटोरियम में आयोजित 30वें राज्य स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह में होगा।
श्री सत्य नारायण लड्डा ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा श्री कल्याण राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, फूलियाकलां से प्राप्त की थी। वर्षों बाद जब उन्होंने अपने विद्यालय की स्थिति देखी तो पाया कि पर्याप्त कक्षाओं के अभाव में विद्यार्थियों को पेड़ों के नीचे बैठकर अध्ययन करना पड़ रहा है। विद्यालय और जन्मभूमि के प्रति अपने दायित्व को महसूस करते हुए उन्होंने विद्यालय के कायाकल्प का संकल्प लिया, जिससे CASE (Center for Academics and Sports Excellence) Project की नींव रखी गई।
श्री कल्याण सेवा संस्थान (SKSS) के माध्यम से संचालित लगभग 21 करोड़ रुपये की यह परियोजना ग्रामीण विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं, खेल संसाधन, व्यक्तित्व विकास, करियर मार्गदर्शन और जीवन कौशल के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
CASE Project ग्रामीण शिक्षा में सामुदायिक सहभागिता और नवाचार का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर उभरा है। श्री लड्डा के दूरदर्शी प्रयासों और समाजहित में किए गए योगदान को देखते हुए राजस्थान सरकार ने उनका चयन राज्य स्तरीय भामाशाह सम्मान-2026 के लिए किया है।
श्री कल्याण सेवा संस्थान परिवार ने इस उपलब्धि को पूरे क्षेत्र, विद्यालय परिवार और CASE Project से जुड़े सभी सहयोगियों के लिए गौरव का क्षण बताते हुए श्री सत्य नारायण लड्डा को शुभकामनाएं एवं बधाई प्रेषित की है।
रिपोर्टर पप्पू लाल पंचोली






