पछवादून क्षेत्र में अवैध कब्जों, ग्राम समाज की भूमि पर अतिक्रमण तथा अवैध प्लाटिंग का खेल लगातार बढ़ता जा रहा है। जन अधिकार पार्टी (जनशक्ति) के राष्ट्रीय अध्यक्ष आजाद अली ने कहा कि क्षेत्र में भूमाफियाओं के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि सरकारी भूमि, ग्राम समाज की भूमि तथा कृषि भूमि तक को नियमों के विपरीत कब्जाकर अवैध रूप से प्लाटिंग की जा रही है, लेकिन जिम्मेदार जनप्रतिनिधि और प्रशासन इस पर मौन साधे हुए हैं।
आजाद अली ने क्षेत्रीय विधायक सहदेव सिंह पुंडीर पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि विधायक के संरक्षण के बिना इतने बड़े स्तर पर भूमि अतिक्रमण, अवैध कब्जे और अवैध प्लाटिंग संभव नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में सक्रिय भूमाफियाओं को विधायक का खुला संरक्षण प्राप्त है, जिसके कारण प्रशासन भी उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने से बचता रहा है।
उन्होंने कहा कि स्थानीय ग्रामीणों, सामाजिक संगठनों एवं जागरूक नागरिकों द्वारा समय-समय पर संबंधित विभागों और प्रशासनिक अधिकारियों को शिकायतें दी जाती रही हैं, लेकिन आज तक किसी बड़े भूमाफिया के विरुद्ध ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे स्पष्ट होता है कि भूमाफियाओं और सत्ता के संरक्षण प्राप्त लोगों को बचाने का काम किया जा रहा है।
आजाद अली ने कहा कि जन अधिकार पार्टी (जनशक्ति) क्षेत्र की जनता के साथ मिलकर अवैध कब्जों और भूमाफियाओं के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने मांग की कि ग्राम समाज की भूमि, सरकारी भूमि एवं अन्य सार्वजनिक संपत्तियों पर किए गए सभी अवैध कब्जों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही भूमाफियाओं पर कार्रवाई नहीं की गई तथा विधायक सहदेव सिंह पुंडीर की भूमिका की निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई तो जन अधिकार पार्टी (जनशक्ति) बड़े जनआंदोलन के लिए बाध्य होगी। इसी क्रम में जल्द ही विधायक सहदेव सिंह पुंडीर के आवास का घेराव कर उनका पुतला दहन किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
आजाद अली ने कहा कि क्षेत्र में अवैध कब्जों, अतिक्रमण और अवैध प्लाटिंग को संरक्षण देने वाले सभी लोगों की भूमिका उजागर की जाएगी तथा जनता के हितों के साथ खिलवाड़ करने वालों को बेनकाब करने का कार्य निरंतर जारी रहेगा।
अवैध कब्जे, ग्राम समाज की भूमि पर अतिक्रमण एवं अवैध प्लाटिंग कर रहे भूमाफियाओं को खुला संरक्षण देने वाले भ्रष्टाचारी विधायक सहदेव सिंह पुंडीर का आवास घेराव कर पुतला फूंकेगी जन अधिकार पार्टी (जनशक्ति)— आजाद अली, राष्ट्रीय अध्यक्ष,






