उत्तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच STF ने एक बड़े बदमाश को मुठभेड़ में मार गिराने का दावा किया है। अयोध्या में हुई इस कार्रवाई में एक लाख रुपये का इनामी अपराधी भानु प्रताप सिंह उर्फ बाबलू ढेर हो गया। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक उसके खिलाफ हत्या, लूट, रंगदारी और गैंगस्टर एक्ट समेत 40 से ज्यादा मामले दर्ज थे।
बताया जा रहा है कि STF को उसके मूवमेंट की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने इलाके में घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, खुद को घिरता देख आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
STF अधिकारियों का कहना है कि भानु प्रताप लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था और पूर्वांचल के कई जिलों में सक्रिय गैंग से जुड़ा हुआ था। उस पर कई जिलों की पुलिस ने इनाम घोषित कर रखा था। मौके से हथियार और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस अब उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य बदमाशों की तलाश में जुट गई है। वहीं, प्रदेश में लगातार हो रही मुठभेड़ों को लेकर सियासी बहस भी तेज होती जा रही है।
Up अयोध्या में एनकाउंटर 40 से अधिक मुकदमे वाले अपराधी को मार गिराया….






