बहराइच में भाजपा के प्रदर्शन के दौरान एक हादसा सामने आया, जिसमें सदर विधायक अनुपमा जायसवाल आग की चपेट में आकर झुलस गईं। पुतला दहन के समय अचानक आग भड़कने से उनका चेहरा प्रभावित हुआ। मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने तुरंत उन्हें मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां उनका इलाज किया गया।
यह प्रदर्शन नारी वंदन अधिनियम का विरोध करने वाले विपक्षी दलों के खिलाफ आयोजित किया गया था। शनिवार को भाजपा के आह्वान पर बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता डीएम चौराहे पर इकट्ठा हुए थे। इसी दौरान विपक्षी नेताओं का पुतला जलाते समय यह दुर्घटना हुई।
घटना के बाद प्रशासनिक अधिकारी भी स्थिति का जायजा लेने मेडिकल कॉलेज पहुंचे। जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने वहां पहुंचकर विधायक का हालचाल लिया। अस्पताल में भाजपा कार्यकर्ताओं की भी काफी भीड़ देखी गई।






