झालावाड़ से ब्यूरो चीफ आसिफ शेरवानी की रिपोर्ट
विश्व स्वास्थ्य दिवस पर झालरापाटन जिला चिकित्सालय बना हेल्थ इनोवेशन हब”
विश्व स्वास्थ्य दिवस पर अनोखी पहल”
स्थान: झालरापाटन
दिनांक: 7 अप्रैल 2026
विश्व स्वास्थ्य दिवस अवसर पर जिला चिकित्सालय झालरापाटन में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा सीएमएचओ डॉ. साजिद खान के निर्देशन एवंपीएमओ डॉ. सुधानंद के मार्गदर्शन में ऐसा स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसने आमजन के बीच खासा आकर्षण पैदा किया और एक नई सोच को जन्म दिया।
कार्यक्रम का संचालन चिकित्सा अधिकारी डॉ. शुभम गिरिराज पाटीदार एवं नेत्र सहायक प्रीतम शर्मा द्वारा किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सबसे ज्यादा चर्चा में रही “टोबैको एक्सचेंज ड्राइव”, जहां लोगों ने सिगरेट बीड़ी और गुटखा , तंबाकू देकर बदले में फल, ग्लूकोज एवं ओआरएस युक्त हेल्थ किट प्राप्त की। “तंबाकू छोड़ो, फल-ओआरएस ग्लूकोस लो” का संदेश लोगों को सीधे प्रभावित करता नजर आया।
कार्यक्रम में “हेल्थ कन्फेशन वॉल” ने सभी का ध्यान खींचा, जहां लोगों ने खुद अपनी गलत स्वास्थ्य आदतें लिखकर सुधार का संकल्प लिया—यह दृश्य सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र रहा।
वहीं “मेंटल हेल्थ ओपन माइक” में लोगों ने पहली बार खुले मंच पर अपने तनाव और मानसिक समस्याएं साझा कीं, जिससे कार्यक्रम को एक संवेदनशील और मानवीय आयाम मिला।
“फ्यूचर हेल्थ प्रेडिक्शन कैंप” के माध्यम से लोगों को बीएमआई, बीपी, शुगर आदि के आधार पर भविष्य में होने वाली बीमारियों के जोखिम के बारे में बताया गया—यानी “बीमारी से पहले चेतावनी”।
“हैंड हाइजीन स्कैनर डेमो” में यूवी लाइट से हाथों के कीटाणु दिखाए गए, जबकि “इनविजिबल शुगर डेमो” में लोगों को रोजमर्रा के खाद्य पदार्थों में छिपी चीनी की सच्चाई से रूबरू कराया गया।
इसके साथ ही “बॉडी एज वर्सेस रियल एज” और “हेल्थ लाई डिटेक्टर बूथ” के जरिए लोगों को उनकी वास्तविक स्वास्थ्य स्थिति का एहसास कराया गया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की उपलब्धियों को भी प्रमुखता से साझा किया गया, जिसमें जिले में अब तक 51,000 से अधिक लोगों को सीपीआर एवं फर्स्ट एड प्रशिक्षण, हीट सेफ झालावाड़, ओआरएस एटीएम, राजस्थान का पहला मेनोपॉज क्लिनिक एवं स्लीप क्लिनिक, एनक्यूएएस प्रमाणन में अग्रणी स्थान एवं विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन शामिल हैं।
कार्यक्रम में नर्सिंग अधीक्षक के.बी. पाटीदार, परवेज खान, नर्सिंग स्टाफ सुरेंद्र राठौड़, पुलिस विभाग से इशाक मोहम्मद सीपीआर मित्र लविशा पाटीदार, हरिओम सहित बड़ी संख्या में आमजन, स्वास्थ्यकर्मी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के नवाचार केवल जागरूकता नहीं बढ़ाते, बल्कि लोगों को अपनी आदतों में बदलाव लाने के लिए प्रेरित करते हैं।
“झालरापाटन अब इलाज ही नहीं, बल्कि प्रिवेंशन का मॉडल बनकर उभर रहा है।”







