रिपोर्ट : – चंद्रकिशोर पासवान
बखरी बेगूसराय | बखरी बाजार में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब दो छोटे-छोटे मासूम बच्चे अपने परिजनों से बिछड़कर भटकते नजर आए। स्थानीय लोगों की सूचना पर डायल-112 पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल मौके पर पहुंचकर दोनों बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। थानाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार ने बताया कि पूछताछ के दौरान बच्चों ने अपना नाम और पता बताया। बच्चों की पहचान कृष्ण कुमार पिता–महेंद्र पासवान एवं लव कुमार पिता–दीपक कुमार के रूप में हुई, जो खगड़िया जिला के अलौली थाना क्षेत्र अंतर्गत छिलकोरी गांव के निवासी हैं। बच्चों ने बताया कि वे बिना परिजनों को बताए घर से निकल गए थे। इसके बाद डायल-112 पुलिस टीम में तैनात एसआई सुजीत कुमार ने तत्परता से बच्चों के नाम-पते का सत्यापन कराया और परिजनों से संपर्क स्थापित किया सत्यापन के उपरांत दोनों बच्चों को सकुशल उनके परिजनों के हवाले कर दिया गया। कृष्ण कुमार को उनके भाई श्यामलाल पासवान, जबकि लव कुमार को उनकी माता प्रीति कुमारी को सुपुर्द किया गया। बच्चों को सुरक्षित पाकर परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े। उन्होंने डायल-112 पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई और मानवीय संवेदना के लिए बखरी पुलिस का आभार व्यक्त किया। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि बखरी पुलिस न सिर्फ कानून की रखवाली करती है, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी भी बखूबी निभा रही है






