उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में एक भीषण सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। हरिद्वार मार्ग पर जालपुर गांव के पास एक तेज रफ्तार डंपर और क्रेटा कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, सभी मृतक राहतपुर गांव में आयोजित एक दीनी जलसे में शामिल होकर वापस अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार जालपुर गांव के पास पहुंची, वह आगे चल रहे डंपर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक चारों की सांसें थम चुकी थीं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। जैसे ही हादसे की खबर गांव पहुंची, मातम छा गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि हरिद्वार मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही और तेज रफ्तार के कारण पहले भी कई हादसे हो चुके हैं।
फिलहाल पुलिस ने डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। हादसा तेज गति, लापरवाही या किसी अन्य कारण से हुआ, इसका पता जांच के बाद ही चल पाएगा।
बिजनौर में दर्दनाक सड़क हादसा, डंपर से टकराई क्रेटा कार; चार लोगों की मौत






