Home / Politics / हिजाब विवाद के बीच दिल्ली पहुंचे नीतीश पीएम मोदी ने किया तलब कई मुद्दों पर NDA…..

हिजाब विवाद के बीच दिल्ली पहुंचे नीतीश पीएम मोदी ने किया तलब कई मुद्दों पर NDA…..

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हिजाब विवाद के बीच सोमवार को राजधानी दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। प्रधानमंत्री आवास पर हुई यह बैठक करीब 30 मिनट तक चली, जिसे मौजूदा राजनीतिक हालात के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।

इस दौरान नीतीश कुमार के साथ केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह और बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी मौजूद रहे। तीनों नेता एक ही वाहन से प्रधानमंत्री आवास पहुंचे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार रविवार को पटना से दिल्ली रवाना हुए थे। विधानसभा चुनाव में एनडीए की जीत के बाद यह उनका पहला दिल्ली दौरा माना जा रहा है, जिस पर राजनीतिक हलकों की खास नजर रही।
इन अहम मुद्दों पर हुई या हो सकती है चर्चा सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के साथ हुई बैठक में कई संवेदनशील और राजनीतिक रूप से अहम विषयों पर बातचीत हुई।

पहला मुद्दा हिजाब विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। आयुष डॉक्टर नुसरत परवीन से जुड़े घटनाक्रम के बाद देश और विदेश में बयानबाजी तेज है। एनडीए नेतृत्व नहीं चाहता कि इस मामले का असर आगामी 2026 के बंगाल विधानसभा चुनाव या गठबंधन की छवि पर पड़े। दूसरा बड़ा विषय बिहार मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर रहा। हाल ही में नितिन नवीन के मंत्री पद से इस्तीफे के बाद उनके पास रहे दो विभाग खाली हैं। इन विभागों को लेकर जल्द फैसला हो सकता है। तीसरा मुद्दा राज्य की नीतियों से जुड़े वित्तीय पहलुओं का रहा। महिला रोजगार योजना के तहत प्रस्तावित 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि को लेकर केंद्र और राज्य के बीच समन्वय पर चर्चा संभव मानी जा रही है।

अमित शाह से अलग मुलाकात प्रधानमंत्री से बातचीत के बाद नीतीश कुमार ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से उनके आवास पर भी मुलाकात की। यह बैठक करीब 20 मिनट चली। बताया जा रहा है कि इस दौरान राज्यसभा सीटों, राजनीतिक रणनीति और बिहार के विकास रोडमैप पर बातचीत हुई।
क्या है पूरा हिजाब विवाद

हिजाब विवाद की शुरुआत 15 दिसंबर को हुई थी। उस दिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आयुष डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र सौंपने के कार्यक्रम में शामिल थे। इसी दौरान एक महिला डॉक्टर नुसरत परवीन को पहले नियुक्ति पत्र दिया गया। मुख्यमंत्री ने महिला के पहनावे की ओर इशारा करते हुए हिजाब के बारे में पूछा और फिर उसे हटाने को कहा। इसके बाद मुख्यमंत्री ने खुद हाथ बढ़ाकर हिजाब हटा दिया। यह दृश्य कुछ ही पलों में चर्चा का विषय बन गया। इस दौरान मंच पर मौजूद उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री को रोकने की कोशिश करते नजर आए। घटना के बाद महिला डॉक्टर कुछ समय के लिए असहज दिखीं। कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने उन्हें दोबारा नियुक्ति पत्र देकर आगे बढ़ने का संकेत दिया। इस पूरे घटनाक्रम के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाओं का दौर तेज हो गया और मामला राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आ गया।

Tagged:
[post-views]
Share
Now