Home / Updates / सऊदी अरब में दिल दहला देने वाली दुर्घटना: उमराह जा रहे 40 से अधिक भारतीयों की मौत…..

सऊदी अरब में दिल दहला देने वाली दुर्घटना: उमराह जा रहे 40 से अधिक भारतीयों की मौत…..

सऊदी अरब के मदीना के पास हुए भयावह सड़क हादसे में 40 से अधिक भारतीयों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है। उमराह के लिए गए यात्रियों को लेकर जा रही बस सोमवार देर रात डीजल टैंकर से टकरा गई। हादसा स्थानीय समय के अनुसार सुबह करीब 1.30 बजे मुहरास/मुफरिआत इलाके में हुआ, जो मदीना से लगभग 160 किलोमीटर दूर है। टक्कर के बाद बस में आग लग गई और कई यात्री सो रहे होने के कारण बाहर नहीं निकल पाए। हादसा इतना गंभीर था कि कई शवों की पहचान करना मुश्किल बताया जा रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार मृतकों में हैदराबाद के कई यात्री शामिल हैं।

तेलंगाना सरकार ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मुख्य सचिव और डीजीपी को तुरंत जानकारी जुटाने के निर्देश दिए हैं। राज्य सरकार ने विदेश मंत्रालय और सऊदी दूतावास से भी संपर्क किया है, ताकि यह स्पष्ट किया जा सके कि मारे गए कितने लोग तेलंगाना के थे। सचिवालय में पीड़ित परिवारों की सहायता के लिए कंट्रोल रूम भी बनाने के आदेश दिए गए हैं।जेद्दाह स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने पीड़ितों के लिए 24×7 कंट्रोल रूम शुरू किया है। दूतावास ने सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 8002440003 जारी किया है।

हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने भी इस हादसे पर दुख जताया और ट्रैवल एजेंसियों व भारतीय दूतावास से जानकारी मांगी है। उन्होंने बताया कि रियाद स्थित भारतीय दूतावास के वरिष्ठ अधिकारी हादसे से जुड़ी जानकारी जुटा रहे हैं।विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने भी हादसे को “दुखद” बताते हुए कहा कि रियाद और जेद्दाह में भारतीय मिशन पीड़ितों की हर संभव मदद कर रहे हैं। विदेश मंत्री ने मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

Tagged:
[post-views]
Share
Now