भरतपुर जिले में बीजेपी युवा मोर्चा के पूर्व नेता आकाश फौजदार की पत्नी प्रियंका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मामला बयाना थाना क्षेत्र के पिदावली गांव का है। प्रियंका के पिता ओमप्रकाश ने दामाद आकाश और उसके परिवार पर हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।ओमप्रकाश का कहना है कि शादी के बाद से ही आकाश दहेज में थार गाड़ी की मांग करता था और इसी बात को लेकर प्रियंका को परेशान करता था।
शनिवार शाम प्रियंका की मौत की सूचना मिलने पर जब पीहर पक्ष ने संपर्क किया, तो उन्हें बताया गया कि अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही है। सूचना के बाद ओमप्रकाश ने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर दिया। पुलिस ने समय रहते अंतिम संस्कार रुकवाया और शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। जांच में प्रियंका के शरीर पर चोट और गले पर निशान पाए गए हैं।प्रियंका और आकाश की शादी 2018 में हुई थी। उनके दो बच्चे हैं—एक बेटा और एक बेटी। पुलिस अब मामले की जांच सभी एंगल से कर रही है।
रिपोर्ट : ज्योति नौटियाल






