मेक्सिको से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। राजधानी सैन लुईस पोटोसी के एक सुपरमार्केट में शनिवार देर रात भीषण धमाका हुआ, जिसके बाद आग ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे में कम से कम 23 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 11 लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, धमाका सुपरमार्केट के स्टोरेज एरिया में रखे गैस सिलेंडर फटने से हुआ। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में पूरी बिल्डिंग धुएं और लपटों से घिर गई। फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

अधिकारियों ने बताया कि राहत और बचाव दल ने मलबे से कई शव बरामद किए हैं। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है।
मेक्सिको के राष्ट्रपति ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने जांच के आदेश भी दे दिए हैं कि आखिर इतनी बड़ी चूक कैसे हुई।
स्थानीय पुलिस का कहना है कि आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है, हालांकि प्राथमिक तौर पर इसे गैस रिसाव से हुआ धमाका माना जा रहा है।






