Home / News / शिव मंदिर से मूर्तियां हटाईं, घरों के बाहर फेंकी अस्थियां; सावन के चौथे सोमवार को बरेली में हड़कंप

शिव मंदिर से मूर्तियां हटाईं, घरों के बाहर फेंकी अस्थियां; सावन के चौथे सोमवार को बरेली में हड़कंप

बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली में सावन के चौथे और आखिरी सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बीथम नौगवां गांव में 57 साल पुराने शिव मंदिर से शिव परिवार की तीन मूर्तियां हटाकर मंदिर परिसर में फेंके जाने और कई घरों के बाहर अस्थियां मिलने की बात सामने आई। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

ग्रामीणों के मुताबिक, रविवार-सोमवार की रात किसी ने गांव के पुराने शिव मंदिर से शिव परिवार की तीन मूर्तियां उखाड़कर मंदिर परिसर में ही फेंक दीं। सोमवार सुबह मंदिर की सफाई करने पहुंचे पुजारी ने मूर्तियों को जमीन पर पड़ा देखा और इसकी जानकारी ग्रामीणों को दी। इसके बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए।

घरों के बाहर मिलीं अस्थियां

मामला उस समय और गंभीर हो गया, जब ग्रामीणों ने बताया कि श्मशान से अस्थियां उठाकर कुछ घरों के बाहर भी फेंकी गई हैं। गांव वालों के अनुसार, तीन दिन पहले सड़क हादसे में महिला शांति देवी की मौत हुई थी और गांव के श्मशान में उनका अंतिम संस्कार किया गया था। सोमवार को परिजन अस्थियां लेने श्मशान पहुंचे, लेकिन वहां अस्थियां नहीं मिलीं।

बाद में कथित तौर पर अस्थियां नत्थू लाल और टेकचंद के घर के सामने बिखरी मिलीं। इसके अलावा डोरीलाल के घर के बाहर खड़े ई-रिक्शा में भी अस्थियां मिलने की बात सामने आई। घटना की जानकारी फैलते ही ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई।

ग्रामीणों ने जताई साजिश की आशंका

ग्रामीणों ने दोनों घटनाओं को जोड़ते हुए इसे माहौल बिगाड़ने की साजिश बताया और पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। हालांकि, साजिश या किसी व्यक्ति की संलिप्तता की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। मीरगंज पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी लोग दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now